स्कूलों में CCTV कैमरा लगाने का विरोध जारी, पैरेंट्स ने भी किया ये अनोखा विरोध प्रदर्शन…

दिल्ली के स्कूलों में सीसीटीवी कैमरा लगाने का विरोध जारी है. रविवार को दिल्ली पैरेंट्स एसोसिएशन ने हनुमान मंदिर प्रांगण में बड़े ही अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया. इन लोगों ने हारमोनियम और वाइलिन के साथ भजन गाकर दिल्ली के स्कूलों में सीसीटीवी कैमरा लगाने का विरोध किया. विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि क्लासरूम में सीसीटीवी लगाना गलत निर्णय है.

विरोध कर रहे लोगों ने कहा की अगर सीसीटीवी लगाना है तो दिल्ली के सरकारी दफ्तरों में भी इसको लगाना चाहिए जिससे पता लग सके कि सरकारी दफ्तरों में मुख्यमंत्री और उनकी टीम क्या क्या काम करती है. विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि सरकार को पहले पारदर्शिता अपने ऊपर लागू करनी चाहिए, उसके बाद इसे दूसरी जगह लागू करना चाहिए.

स्कूलों में सीसीटीवी लगाने का मामला सुप्रीम कोर्ट में भी गया था. सुप्रीम कोर्ट ने सीसीटीवी लगाने के फैसले पर रोक लगाने से इनकार कर दिया. दरसअल सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल कर क्लासरूम में 1.5 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाने की नीति को चुनौती दी गई थी. नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट अंबर ने अपनी याचिका में इस नीति को मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है.

पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था. याचिका में राज्य सरकार के इस फैसले का यह कहकर विरोध किया गया है कि इससे छात्र-छात्राओं की निजता का हनन होगा. कोर्ट ने याचिकाकर्ता की आशंका से सहमति जताते हुए पूछा था कि क्यों न इस पर तुरंत रोक लगा दें? कोर्ट ने दिल्ली सरकार को जवाब देने के लिए 6 सप्ताह का समय दिया था. इस याचिका में कहा गया है कि अगर क्लासरूम में कैमरा होंगे तो लाइव स्ट्रीमिंग फुटेज से बच्चों पर मानसिक दबाव रहेगा.

Back to top button