सुबह 25 आईएएस अफसरों के तबादले, आधी रात बदली गई ट्रांसफर लिस्‍ट, ये हुए बदलाव

यूपी सरकार ने गुरुवार को 23 आईएएस अफसरों की तैनाती में फेरबदल कर दिया। हालांकि सुबह 25 आईएएस अफसरों की तैनाती में बदलाव किया गया था, लेकिन देर रात इनमें से दो का तबादला आदेश रद्द कर दिया गया।
सुबह 25 आईएएस अफसरों के तबादले, आधी रात बदली गई ट्रांसफर लिस्‍ट, ये हुए बदलाव
सुबह जारी तबादला सूची में माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय अग्रवाल को नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जबकि प्रमुख सचिव नगर विकास एवं होमगार्ड कुमार कमलेश को माध्यमिक शिक्षा विभाग की कमान सौंपी गई थी। रात होते-होते इन दोनों का तबादला आदेश रद्द कर दिया गया। दोनों अफसर अपने पूर्व के पदों पर बने रहेंगे। अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक दीपक त्रिवेदी ने इसकी पुष्टि की है।

ये भी पढ़े: यूपी: क‍ैद‍ियों को 5 रु. में 1 टाइम का खाना, 28 साल से चला आ रहा ये बजट

शीर्ष स्तर पर हुए इन अहम बदलावों में राज प्रताप सिंह नए कृषि उत्पादन आयुक्त (एपीसी) बनाए गए हैं। रेणुका कुमार का भी कद बढ़ाते हुए उन्हें वन एवं पर्यावरण का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। वहीं, भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे संजीव सरन, एनएस रवि व चंद्र प्रकाश का कद घटाया गया है। दो आईएएस अफसरों के पूर्व में किए गए तबादले निरस्त किए गए हैं। सुधीर कुमार दीक्षित की जगह अब के. रवींद्र नायक आजमगढ़ के नए मंडलायुक्त होंगे। रवींद्र की जगह वेटिंग में चल रहे पी. गुरु प्रसाद को नया परिवहन आयुक्त बनाया गया है।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे अनुराग श्रीवास्तव को ग्राम्य विकास विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। पिछड़ा वर्ग कल्याण में विशेष सचिव डॉ. राज शेखर को इसी पद पर पीडब्ल्यूडी में तैनाती दी गई है। दो नवगठित नगर निगमों अयोध्या-फैजाबाद व मथुरा-वृंदावन में भी नगर आयुक्तों की तैनाती की गई है।

दो आईएएस अफसरों का तबादला निरस्त

पूर्व में किए गए दो आईएएस अफसरों का तबादला निरस्त कर दिया गया है। सुधीर कुमार दीक्षित का आजमगढ़ के मंडलायुक्त पद पर किया गया तबादला निरस्त करते हुए उन्हें आयुष विभाग में सचिव के पद पर बनाए रखा गया है। इसी तरह कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव पवन कुमार का अपर आयुक्त मनरेगा के पद पर किया गया तबादला निरस्त कर दिया गया है।

राजलिंगम बने अयोध्या के नगर आयुक्त
हाल ही में बने दो नए नगर निगमों अयोध्या-फैजाबाद व मथुरा-वृंदावन में नए नगर आयुक्तों की तैनाती की गई है। वाणिज्य कर एवं मनोरंजन कर विभाग के विशेष सचिव एस. राजलिंगम को अयोध्या-फैजाबाद तथा मुरादाबाद के सीडीओ डॉ. उज्ज्वल कुमार को मथुरा-वृंदावन नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है।

यूपीपीएससी में सचिव नियुक्त
सरकार ने प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के अपर निदेशक जगदीश को उप्र लोक सेवा आयोग में सचिव नियुक्त किया है। लोक सेवा आयोग में परीक्षा नियंत्रक की तैनाती पहले ही की जा चुकी है। अब सिर्फ चेयरमैन की नियुक्ति होनी बाकी है।

इन अफसरों का कद बढ़ा

राज प्रताप सिंह से पिकप के  अध्यक्ष का चार्ज वापस लेकर उन्हें प्रदेश का नया एपीसी बनाया गया है। एपीसी का चार्ज अब तक चंद्र प्रकाश के पास था। राज को एपीसी के साथ अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा व भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है।

प्रमुख सचिव महिला कल्याण रेणुका कुमार को वन एवं पर्यावरण विभाग का अतिरिक्त चार्ज देकर उनका कद बढ़ाया गया है। बाल विकास पुष्टाहार विभाग की सचिव अनीता सी. मेश्राम को डीजी राज्य पोषण मिशन का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है। यह पद कामरान रिजवी के तबादले के बाद से खाली था।

संजीव, रवि व चंद्र प्रकाश साइड लाइन
भ्रष्टाचार केआरोपों से घिरे संजीव सरन से आखिरकार वन एवं पर्यावरण विभाग छीन लिया गया। आईएफएस अधिकारी एके जैन ने संजीव पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। इसकी जांच भी चल रही है। संजीव को अपर मुख्य सचिव नियोजन एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन तथा डीजी राज्य नियोजन संस्थान बनाया गया है।

हालांकि आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग का अतिरिक्त चार्ज उनके पास ही रहेगा। नियोजन विभाग की जिम्मेदारी अब तक मुकुल सिंघल के पास थी। सचिवालय प्रशासन से लेकर ग्राम्य विकास विभाग में तैनाती के दौरान तबादलों के लेकर खासे चर्चा में रहे अपर मुख्य सचिव एनएस रवि को भी साइड लाइन कर दिया गया है। सदस्य राजस्व परिषद के साथ-साथ एपीसी की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल रहे चंद्र प्रकाश को समाज कल्याण आयुक्त के पद पर तैनाती कर उनका समायोजन किया गया है।

 
Back to top button