सीतामढ़ी में आरजेडी नेता की सरेआम गोली मारी, घटना के विरोध में फूट पड़ा लोगों का गुस्‍सा…

 बिहार में दशहरा पूजा के दौरान भी अपराध लगातार जारी हैं। रविवार को तो हत्‍याओं की सुबह हुई। सीतामढ़ी में राष्‍ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता की सरेअाम गोली मारकर हत्‍याकर दी गई। उधर, दशहरा की चाक-चौबंद सुरक्षा व्‍यवस्‍था की पोल खोलते हुए देर रात अपराधियों ने पटना में एक युवक की हत्‍या कर दी।

सीतामढ़ी के आरजेडी नेता की हत्‍या

सीतामढ़ी के बेलसंड थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह आरजेडी नेता अशोक साह को मॉर्निंग वॉक के दौरान गोली मार दी गई। अशोक साह को गोली तब मारी गई, जब वे सुबह में अपने खेत पर टहलने गए थे। वहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनपर गोलियों की बौछार कर दी।

मृतक आरजेडी नेता सीतामढ़ी के परसौनी थाना के गिसारा गांव के रहने वाले थे। वे इस पंचायत के मुखिया भी रहे थे। घटना कर सूचना मिलने पर सीतामढी के सांसद सुनील कुमार पिंटू, आरजेडी विधायक सुनील कुमार, बेलसंड के विधायक प्रतिनिधि व जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) जिलाध्यक्ष राणा रंधीर सिंह चौहान समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नेता व समर्थक उन्‍हें देखने पहुंचे।

पटना में युवक की हत्‍या से भड़के लोग, हंगामा

उधर, देर रात पटना के दीघा थाना क्षेत्र के रामजीचक इलाके में अपराधियों ने एक युवक रवि कुमार की गोली मारकर हत्‍या कर दी। हत्या के विरोध में आक्रोशित लोगों ने रविवार को दीघा-दानापुर रोड को जाम कर दिया। घटना तब हुई, जब दशहरा को लेकर सड़कों पर सुरक्षा के खास इंतजाम थे।

मृतक चेन्नई में एक पेट्रोल पंप पर कर्मचारी था, जो दशहरा की छुट्टी में पटना आया था। घटना का कारण फिलहाल ज्ञात नहीं हो सका है। घटना के विरोध में रविवार की सुबह लोगों का गुस्‍सा फूट पड़ा। उन्‍होंने दीघा में सड़क जाम कर हंगामा किया।

Back to top button