सीतापुर : JE पर हमला करने वाले लोगों पर दर्ज हुआ केस, पुलिस ने कहा- दोषियों पर होगी कार्रवाई

सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में चेकिंग के दौरान बिजली चोरी मिलने पर स्थानीय सभासदों व भीड़ द्वारा बिजली विभाग के साथ की गई अभद्रता के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले में चार सभासद समेत पांच नामजद व सौ से अधिक अज्ञात लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में दोषियों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई शुरु कर दी है।

बता दें कि मंगलवार को पुराना सीतापुर उपकेंद्र के अवर अभियंता राशिद खान अपनी टीम के नौ सदस्यों के साथ शहर के मुहल्ला चैबे टोला में मस्जिद वाली गली में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक घर पर बिजली चोरी पकड़े जाने पर कई सभासद भारी भीड़ के साथ मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे।

इसके साथ ही जान से मारने और फर्जी मुकदमे में फंसा देने की धमकियां भी दी थी। मामले में जेई मो राशिद खां, टीजी 2 राकेश मौर्या, संविदा कर्मी रमाकांत व लाइनमैन प्रेम लाल की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी, जिसमें सभासद चैबे टोला मो सलीम उर्फ अड्डू, सभासद कजियारा नबी अहमद, सभासद शेखसराय मसूद आलम, सभासद मिरदही टोला भुट्टो व तुलसीराम निवासी रंपा रोड के अलावा सौ से डेढ़ सौ अज्ञात लोगों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया था।

कोतवाल टीपी सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मारपीट, गाली-गलौज व सरकारी काम में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Back to top button