वाराणसीः सस्पेंड हुआ प्रधानमंत्री के प्रस्तावक से बदसलूकी करने वाला चौकी प्रभारी

लोकसभा चुनाव के दौरान वाराणसी संसदीय सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावक रहे कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर रमाशंकर सिंह पटेल के साथ बदसलूकी करना एक दारोगा को महंगा पड़ गया है. मामले का संज्ञान लेते हुए वाराणसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आनंद कुलकर्णी ने शनिवार को आरोपी चौकी प्रभारी श्रीकांत पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.
कुलकर्णी ने कहा कि बदसलूकी की शिकायत मिली थी. शिकायत के आधार पर जांच कराई. शिकायत के सही मिलने पर निलंबन की कार्रवाई की है. गौरतलब है कि पीएम मोदी के प्रस्तावक डॉक्टर रमाशंकर पटेल वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र के दीपापुर गांव के निवासी हैं. मामला यह था कि अवकाश प्राप्त कृषि वैज्ञानिक रमाशंकर सिंह पटेल अपनी जमीन से अवैध कब्जा हटवाने की गुहार लेकर राजातालाब पुलिस चौकी गए थे. जहां बदसलूकी कर भगाए जाने के बाद पटेल ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी.
अपने ही दोस्त की दो नाबालिगों ने की हत्या
जिलाधिकारी ने इस शिकायत को चौकी इंचार्ज के पास ही भेज दिया. चौकी इंचार्ज श्रीकांत पांडेय ने फोन कर रमाशंकर सिंह पटेल को बुलाया था. जब वह चौकी पहुंचे तो चौकी इंचार्ज ने गलत बर्ताव किया. पटेल ने आरोप लगाया था कि उनके यह बताने के बावजूद कि वह अवकाश प्राप्त वैज्ञानिक और चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावक हैं, चौकी प्रभारी ने मुकदमा दर्ज कर हवालात में डालने की धमकी दी थी.





