सनसनी खेज खबर: बीजेपी नेता की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाया

प्रयागराज के होलागढ़ में भाजपा सेक्टर अध्यक्ष की हत्या करके उसका शव आम के पेड़ में लटका दिया गया। देर रात तलाश में निकले परिजनों को उसकी लाश आम के बाग में लटकती मिली। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
इलाके के मातादीन का बाजार के पास आरुवां गांव निवासी मुकेश पाल 35 वर्ष भाजपा का स्थानीय सेक्टर प्रभारी होने के साथ क्लीनिक भी चलाता था। गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर गौरीगंज बाजार में वह रोजाना प्रैक्टिस को जाता था। परिजनों के मुताबिक रविवार को भी वह घर से गौरीगंज के लिए निकला था।
रोजाना रात आठ बजे तक वह घर लौट आता था लेकिन, आज रात दस बजे तक वह घर नहीं लौटा। उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बताने लगा। इस पर परिजन घबड़ा उठे और तलाश में निकल पड़े।
रात करीब पौने ग्यारह बजे टेड़वा गांव में उनको आम के बाग के बाहर मुकेश की बाइक खड़ी मिली। परिजनों ने जब आसपास तलाश की तब एक आम के पेड़ पर उसकी लाश लटकी मिली।





