सचिन और पोंटिंग के लिए खतरा बना विराट का एक रन

नई दिल्ली : तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से शानदार जीत के बाद टीम इंडिया ने वनडे सीरीज में भी अपनी लय बरकरार रखी है. 5 वनडे मैचों की सीरीज में पहला मैच भारत ने जीता. सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (नाबाद 132) और कप्तान विराट कोहली (नाबाद 82) के साथ दूसरे विकेट के लिए उनकी 197 रनों की साझेदारी की मदद से भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को रांगिरी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मैच में श्रीलंका को नौ विकेट से हरा दिया. भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. इस जीत के साथ-साथ कप्तान कोहली अब और भी ‘विराट’ हो गए हैं.sachin-kohli-ponting

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम ने 43.2 ओवरों में अपने सभी विकेट खोकर भारत के सामने 217 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे मेहमान टीम ने केवल 28.5 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाकर हासिल कर लिया. इस तरह भारत ने 127 गेंदों शेष रहते एक शानदार जीत के साथ इस सीरीज का आगाज किया.

इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कई शानदार रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं. कोहली ने पहले वनडे मैच में अहम भूमिका निभाते हुए 70 गेंदों का सामना किया और नाबाद 82 रनों की पारी खेली. इस मैच में कोहली ने भारत को जीत तो दिलाई है, लेकिन इसके साथ ही कई अहम रिकॉर्ड भी बनाए हैं.

बस सचिन-पोंटिंग से पीछे हैं कोहली

भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए पहले वनडे मैच में कोहली 82 रन बनाते ही लक्ष्य का पीछा करते हुए 4000 रन पूरे करने वाले भारत के दूसरे और दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर और रिकी पोंटिंग ही हैं. तेंदुलकर ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 55.45 की औसत से 5,490 रन बनाए हैं, जब कि पोंटिंग ने 57.34 की औसत से 4,186 रन बनाए हैं. कोहली तीसरे नंबर पर हैं और उन्होंने 100.02 की औसत से अब तक 4,001 रन बना लिए हैं.
ऐसे शतक जड़ने में सचिन को पछाड़ा

टीम इंडिया के कप्तान के नाम एक खास रिकॉर्ड यह भी है कि लक्ष्य का पीछा करने के दौरान सबसे ज्यादा शतक लगाए हैं. पिछले ही महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ जमैका में हुए पांचवे वनडे मैच में कोहली ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 18वां शतक लगाकर सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा था. सचिन ने 232 पारियों में 17 शतक लगाए थे, जबकि कोहली ने सिर्फ 102 पारियों में उन्हें पीछे छोड़ दिया.

रन चेज में बतौर कप्तान कोहली की औसत 120 के ऊपर

चेज मास्टर कोहली को लक्ष्य का पीछा करना बेहद रास आता है. कोहली ने कप्तानी संभालने के बाद भी लगातार शानदार पारियां खेलीं हैं और भारत को जीत दिलाई है. लक्ष्य का पीछा करते हुए बतौर कप्तान कोहली ने अब तक 18 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 123.55 की औसत के साथ 1,112 रन बनाए हैं. कोहली के बल्ले से 5 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं. वहीं उनका बेस्ट स्कोर 139* रन रहा है.

लक्ष्य का पीछा करते हुए जीते हुए मैच में बतौर कप्तान कोहली का औसत 80.95 का है. अगर सिर्फ बतौर खिलाड़ी लक्ष्य का पीछा करते हुए उनके औसत की बात करें तो ये 67.32 का पहुंच जाता है और जीते हुए मैच में कोहली ने बतौर खिलाड़ी 100.02 के औसत से रन बनाए हैं.

Back to top button