संभल में बकरीद पर हाई अलर्ट: डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च

बकरीद को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। संभल में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए डीएम और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने नखासा और कोतवाली क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों ने बाजारों, संवेदनशील इलाकों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की। पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को लगातार भ्रमणशील रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। जिससे की किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैल सके। बृहस्पतिवार को बकरीद मनाई जाएगी। गुन्नाैर और गांव सैंजना मुस्लिम समेत करीब 30 मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी।
त्योहार को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। गुन्नौर कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि बकरीद के मद्देनजर 70 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट को निर्धारित गड्ढों में ही डालने के निर्देश दिए गए हैं।
पशुपालकों को नोटिस जारी कर त्योहार के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ने की हिदायत भी दी गई है। बताया गया कि नगर गुन्नौर की आबादी करीब 50 हजार है, जिसमें लगभग 70 प्रतिशत मुस्लिम परिवार निवास करते हैं।
नगर में जामा मस्जिद, सुन्नी नूरानी मदीना मस्जिद, लाल मस्जिद, मजनू शाह मस्जिद, दालान वाली मस्जिद, काजियान मस्जिद और रजा मस्जिद समेत 30 से अधिक मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा की जाएगी। वहीं गांव सैंजना मुस्लिम की मदीना मस्जिद, जामा मस्जिद, पूर्व वाली मस्जिद और बीच वाली मस्जिद में भी नमाज होगी।
सुन्नी नूरानी मदीना मस्जिद के मौलाना हाफिज फुरकान रजा ने बताया कि ईद की नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू होकर 30 मई के सूर्यास्त तक चलेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी सार्वजनिक स्थानों पर न करें और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी से बचें।





