श्रीनगर एयरपोर्ट पर बड़ी राहत: रनवे बंदी की योजना वापस, पूरे साल सामान्य उड़ान संचालन जारी रहेगा

श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इस साल रनवे को पूरी तरह बंद करने की प्रस्तावित योजना को वापस ले लिया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2026 के दौरान दिन में सभी उड़ानें सामान्य रूप से संचालित होंगी।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, पहले सोमवार और मंगलवार को रनवे बंद रखने तथा अक्तूबर में लंबी अवधि के शटडाउन का प्रस्ताव था, लेकिन अब इसे वापस ले लिया गया है। हालांकि रात के समय रनवे मरम्मत कार्य पहले की तरह अक्तूबर 2026 तक जारी रहेगा।
अधिकारियों ने बताया कि उड़ानों का संचालन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक सामान्य रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति संबंधित एयरलाइन से जरूर जांच लें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
इससे पहले भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने रखरखाव कार्यों के लिए रनवे बंद करने की योजना बनाई थी, जिस पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और अन्य हितधारकों ने चिंता जताई थी। पर्यटन सीजन को देखते हुए इस फैसले से स्थानीय व्यापार और पर्यटन को बड़ी राहत मिली है।





