शादीशुदा टीचर और स्टूडेंट ने दी जान,प्यार पर पहरा लगने से

poison-suicide_1459760295प्यार पर पहरा लगाने पर सोमवार रात मड़ियांव इलाके में रहने वाले 35 वर्षीय शिक्षक और 21 साल की छात्रा ने अपने-अपने घर पर जहर खाकर जान दे दी। मूलरूप से लखीमपुर निवासी टीचर शादीशुदा था और उसका आठ साल का बेटा भी है। 
उसका पड़ोस में ही रहने वाली छात्रा से लगभग छह साल से प्रेम संबंध था। बीते 12 अप्रैल को दोनों घर से भाग गए थे। छात्रा के परिवारीजनों ने एफआईआर दर्ज कराई तो पुलिस ने तीन दिन बाद दुबग्गा इलाके से टीचर और छात्रा को बरामद किया। 

इसके बाद से छात्रा को उसके परिवारीजनों ने घर पर नजरबंद करके रखा। सोमवार रात दोनों ने जहर खा लिया। उल्टियां होने पर परिवारीजनों को पता चला तो चीख-पुकार मच गई। दोनों को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

बचपन से ही छात्रा को पढ़ाता था ट्यूशन

तीन भाइयों के बीच एकलौती बहन के पिता मजदूरी करते हैं। भाई ने बताया कि उसकी बहन इलाके के ही एक विद्यालय में पढ़ती थी। 

शिक्षक उसे ट्यूशन पढ़ाने घर आया करता था। इंटर पास करने के बाद बहन ने महिला कॉलेज में बीए में दाखिला लिया, शिक्षक तब भी उसे पढ़ाता रहा। पुलिस का कहना है कि बीते करीब छह साल से दोनों में प्रेम संबंध थे। छात्रा ने इसी वर्ष बीए पास किया था। 

शिक्षक ने छात्रा से शादी करने के लिए पत्नी से तलाक का केस दाखिल कर रखा था। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों बालिग थे लेकिन कोर्ट में तलाक का केस चलने के कारण ही शादी नहीं कर पा रहे थे।
 
दोनों के प्रेम संबंधों के बारे में परिवारीजनों को जानकारी नहीं थी। बीते महीने जब दोनों घर से भागे तब इसका खुलासा हुआ। इसके बाद भाई ने एफआईआर दर्ज कराई।

Back to top button