कप्तान विराट ने फैंस का बना दिया दिन, दूसरे वन-डे की जीत का ऐसे मनाया जश्न

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली फैंस के सपोर्ट का शुक्रिया करने से कभी चूकते नहीं हैं। अधिकांश देखा गया है कि कोहली भारतीय फैंस के साथ सेल्फी ले रहे हैं या फिर उन्हें ऑटोग्राफ देते हैं। 
बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फोटो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘वह पल जब आपकी टी-शर्ट पर किंग कोहली अपना ऑटोग्राफ दे रहे हो।’
बता दें कि टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का तीसरा मैच सोमवार को माउंट मॉनगनुई में खेला जाएगा। भारतीय टीम ने विश्व कप साल की शानदार शुरुआत की है।
विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम इंडिया ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में वन-डे सीरीज जीतकर इतिहास रचा। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ भी शुरुआती दो मुकाबलों में उसका प्रदर्शन शानदार रहा। याद हो कि टीम इंडिया ने नेपियर में खेले गए पहले वन-डे में न्यूजीलैंड को 8 विकेट से मात दी थी।
टीम इंडिया ने शनिवार को माउंट मॉनगनुई में दूसरा वन-डे जीतकर देशवासियों को गणतंत्र दिवस का तोहफा दिया। टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 4 विकेट खोकर 324 रन बनाए। जवाब में कीवी टीम 41 ओवर में 234 रन पर ढेर हो गई। कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके।





