विराट कोहली का विकेट लेने के बाद साकिब हुसैन की खुशी का नहीं है ठिकाना

मौजूदा समय में हर युवा गेंदबाज का सपना होता है कि वह विराट कोहली के सामने गेंदबाजी करे और उनका विकेट ले पाए। कोहली जिस दर्जे के खिलाड़ी हैं उसको देखते हुए ये आसान नहीं है। हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद के साकिब हुसैन ने शुक्रवार को अपना ये सपना पूरा कर लिया।

उप्पल स्टेडियम में खेले गए आईपीएल मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के युवा तेज गेंदबाज हुसैन ने कोहली को आउट कर दिया। साकिब ने कहा कि ये उनका ड्रीम विकेट था, यानी ऐसा विकेट जिसके बारे में वह हमेशा सपना देखते और चाहते थे कि ये पूरा हो जाए।

बनाया था खास प्लान

मैच के बाद साकिब ने बताया कि उन्होंने कोहली के लिए खास प्लान बनाया था जिसके चलते किंग के नाम से मशहूर कोहली सिर्फ 15 रन ही बना सके। मैच के बाद रवि शास्त्री से बात करते हुए साकिब ने कोहली का विकेट लेने और अपने प्लान के बारे में बताया।

साकिब ने कहा, “उनका विकेट लेकर मजा आया। ये मेरे लिए ड्रीम विकेट है। वरुण भाइया (हैदराबाद के गेंदबाजी कोच) ने पहले ही कहा था कि बॉल फंस रहा है इसलिए धीमी गेंदों पर ही बने रहना फायदेमंद होगा।”

कोहली ने किया संघर्ष

कोहली ने हैदराबाद के खिलाफ रन बनाने में संघर्ष किया। उन्होंन 11 गेंदों पर 15 रन बनाए जिसमें दो चौके शामिल रहे। छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर साकिब ने उन्हें आउट किया। कोहली को आउट करने के बाद साकिब काफी खुश नजर आए।

हालांकि, कोहली इस मैच में विवाद में घिर गए। उनका ट्रेविस हेड के साथ विवाद हो गया था। पहले ही ओवर से कोहली ने हैदराबाद के हेड से जुबानी जंग करने लगे और मैच के बाद उन्होंने हाथ भी नहीं मिलाया। हैदराबाद की टीम ये मैच अपने नाम करने में सफल रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट खोकर 255 रन बनाए। आरसीबी 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 200 रन ही बना पाई।

Back to top button