यूपी चुनाव 2017: दूसरे चरण के मतदान के लिए नामांकन आज से शुरु

लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 20 जनवरी शुक्रवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरु हो रही है। बता दें कि 11 जिलों की 67 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी। शुक्रवार को अधिसूचना जारी होने के बाद से नामांकन कराया जा सकता है।विधानसभा चुनाव

विधानसभा चुनाव पार्ट-2 का नामांकन आज से शुरु

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश ने बताया कि प्रत्येक कार्य दिवस में नामांकन पत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। दूसरे चरण में पश्चिमी यूपी की 67 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन होना है जिसकी अंतिम तारीख 27 जनवरी है। नामांकन पत्रों की जांच 30 जनवरी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि एक फरवरी है। दूसरे चरण का मतदान 15 फरवरी को होगा। दूसरे चरण से संबंधित इन 67 विस सीटों में लगभग 2,28,57,081 (2.28 करोड़) मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

इनमें 1.23 करोड़ पुरुष और 1.04 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं। दूसरे चरण के लिए 14,771 मतदान केन्द्रों तथा 23,693 मतदान स्थलों की स्थापना की गई है। नामांकन दाखिल करने के लिए आरओ/ एआरओ के कार्यालय के 100 मीटर के अन्दर केवल 3 वाहन ले जाए जा सकते हैं। आरओ के कक्ष में उम्मीदवार सहित केवल 5 व्यक्ति उपस्थित रह सकते हैं। उम्मीदवार के अतिरक्ति अन्य चार व्यक्ति सम्मलित होंगे। उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय दलों के उम्मीदवारों को एक प्रस्तावक तथा गैर मान्यता प्राप्त पंजीकृत दलों एवं निर्दलीय उम्मीदवारों के लिए 10 प्रस्तावकों की जरूरत होगी। श्री वेंकटेश ने बताया कि उम्मीदवार प्रदेश के किसी भी चुनाव क्षेत्र से मतदाता हो सकता है। यदि वह उस क्षेत्र का मतदाता नहीं है तो उसे मतदाता सूची का उद्धरण दाखिल करना जरूरी है।

उम्मीदवार के प्रस्तावक / प्रस्तावकों को उसी क्षेत्र का मतदाता होना चाहिए, जिस क्षेत्र से उम्मीदवार नामांकन भर रहा है। राजनैतिक दलों द्वारा खड़े किए गए उम्मीदवारों को फार्म ए तथा बी दाखिल करना होगा। फार्म ए व बी नामांकन दाखिल करने के अंतिम तिथि को 3.00 बजे तक दाखिल किया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शपथ पत्र स्टाम्प पेपर पर नोटैराइज होना चाहिए और उसके सारे कालम भरे होने चाहिए। इस बार प्रत्याशी के लिये नामांकन प्रपत्र में फोटो लगाना तथा नागरिकता संबंधी घोषणा करना अनिवार्य किया गया है।

Back to top button