मुंबई इंडियंस ने किया नए कोचिंग स्टाफ का एलान

 पांच बार की आईपीएल विजेता मुंबई इंडियंस ने हाल ही में अपने पुराने कोचिंग स्टाफ को हटाने का एलान किया था। टीम नए सीजन की तैयारी में जुटी है और इसी क्रम में शुक्रवार सुबह उसने आईपीएल-2027 के लिए अपने नए कोचिंग स्टाफ का एलान भी कर दिया जिसमें भारत के पूर्व कोच को एंट्री दी है।

टीम ने पहले ही वेस्टइंडीज के दिग्गज और लंबे समय तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे कायरन पोलार्ड को हेड कोच नियुक्त किया था। इसके बाद अब उसने नए बल्लेबाजी कोच, गेंदबाजी कोच और फील्डिंग कोच के नामों का एलान कर दिया है। इसके अलावा डेवलेपमेंट बॉलिंग कोच के नाम का भी एलान किया है।

इन लोगों को मिली जिम्मेदारी

मुंबई ने भारत के पूर्व बल्लेबाज और साल 2007 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया का हिस्सा रहे रॉबिन उथप्पा को बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा टीम ने टी. दिलीप को फील्डिंग कोच बनाया है। वह टीम इंडिया के साथ लंबे तक यह जिम्मेदारी निभा चुके हैं। न्यूजीलैंड के मिचेल मैक्लेंघन को गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी को फ्रेंचाइजी ने डेवलपमेंट बॉलिंग कोच बनाया है।

फ्रेंचाइजी ने एक बयान जारी कर बताया, “मुंबई इंडियंस आज आईपीएल 2027 के लिए रॉबिन उथप्पा को बल्लेबाजी कोच, मिचेल मैक्लेंघन को गेंदबाजी कोच, टी दिलीप को फील्डिंग कोच और धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट गेंदबाजी कोच नियुक्त करने का एलान करती है।”

छह साल का सूखा होगा खत्म?

मुंबई इंडियंस चेन्नई सुपर किंग्स के साथ सबसे ज्यादा बार आईपीएल जीतने के मामले में संयुक्त रूप से नंबर-1 पर है। हालांकि, इस टीम ने बीते छह सीजनों से ट्रॉफी नहीं उठाई है। मुंबई ने आखिरी बार साल 2020 में रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था, लेकिन इसके बाद टीम सातवें खिताब के इंतजार में है और इसी कारण इस सीजन वह नए सिरे से तैयारी कर रही है।

Back to top button