विजिलेंस टीम पर हुआ ईंट और पत्थरों से हमला, कई पुलिसकर्मी हुए घायल

देश में अपराधों पर लगाम कसना अब पुलिस को ही महंगा पड़ने लगा है। जानकारीे के अनुसार बता दें कि बाहरीे दिल्ली के रणहौला इलाके में गुरुवार शाम को दिल्ली पुलिस की विजिलेंस टीम पर 50 से 60 लोगों ने ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया है। जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। वहीं घायल पुलिसवालों का आरोप है कि उन पर ये हमला पुलिस के ही आदमी ने करवाया है। 
वहीं विजिलेंस टीम ने आरोप लगाया है कि बीट पर तैनात पुलिसकर्मियों की शह पर ये हमला किया गया है। इसके अलावा इस हमले में घायल हुए पांच पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के लिए पहले हरी नगर के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया था, बाद में उन्हें पश्चिम विहार के प्राइवेट अस्पताल एक्शन बालाजी रेफर कर दिया गया है। यहां बता दें कि घायल हुए पुलिसकर्मियों के नाम सब इंस्पेक्टर सुरेश, भारत भूषण, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर वीरेंदर, धर्मबीर और कॉन्स्टेबल प्रदीप हैं।
गौरतलब है कि ये सभी पुलिसकर्मी रणहौला के दीप एन्क्लेव में छापा मारने के लिए गए थे। इसके अलावा विजिलेंस टीम को लगातार शिकायत मिल रही थी कि इस जगह पर बिट्टू सांसी नाम का शख्स अवैध तरीके से शराब और जुआ का धंधा करता है। जैसे ही पुलिस की टीम वहां रेड मारने पहुंची तो बिट्टू और उसके परिवारवालों पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। इस मामले में पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की है। वहीं जिन पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ है उनका एक वीडियो भी सामने आया है।





