वनडे टीम से कट सकता है ऋषभ पंत का पत्ता

भारतीय वनडे टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज की रेस एक बार फिर दिलचस्प मोड़ पर आ गई है। आईपीएल में लगातार संघर्ष कर रहे ऋषभ पंत के लिए अब टी-20 के साथ-साथ वनडे टीम में जगह बनाए रखना भी मुश्किल होता नजर आ रहा है। टीम मैनेजमेंट आने वाले बड़े टूर्नामेंटों को ध्यान में रखते हुए विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर रहा है और ऐसे में संजू सैमसन का दावा तेजी से मजबूत हुआ है।
फिलहाल वनडे टीम में केएल राहुल मुख्य विकेटकीपर बने रहेंगे लेकिन दूसरे विकेटकीपर की दौड़ में चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज संजू सबसे आगे चल रहे हैं। भारत को अगली वनडे सीरीज 14 जून से अफगानिस्तान के विरुद्ध खेलनी है।
विश्व कप पर ध्यान
मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप को जीतने के लिए टीम तैयार करने पर ध्यान दे रहे हैं। उससे पहले टीम को करीब 20 वनडे खेलने हैं, जिनमें अफगानिस्तान, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के विरुद्ध घरेलू सीरीज के अलावा इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के दौरे शामिल हैं।
लय में नहीं पंत
जनवरी में न्यूजीलैंड के विरुद्ध वनडे सीरीज में पंत का दूसरे विकेटकीपर के तौर चयन हुआ था लेकिन वह चोटिल हो गए थे जिसके बाद उनकी जगह ध्रुव जुरैल को टीम में रखा गया था। उसके बाद से भारत ने कोई भी वनडे सीरीज नहीं खेली है। चोट के बाद पंत ने सीधे आईपीएल में वापसी की लेकिन वह पुरानी लय हासिल नहीं कर पाए। इस सीजन में उन्होंने आठ मैचों में 27 के औसत से केवल 189 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है।
न्यूजीलैंड के विरुद्ध उनका टीम में चयन जरूर हुआ था लेकिन उन्होंने अपना आखिरी वनडे मुकाबला 2024 में श्रीलंका के विरुद्ध खेला था।टीम प्रबंधन से जुड़े सूत्र ने कहा कि सैमसन ने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। इस सत्र में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की है और लगातार रन बनाए हैं। आठ मैचों में 304 रन बनाने के साथ वह दो शतक भी जड़ चुके हैं, जो उनकी बेहतरीन फार्म को दर्शाता है।
संजू का रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट में भी सैमसन का रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। उन्हें अब तक 16 मैचों में मौका मिला है, जिनकी 14 पारियों में उन्होंने 56.67 की औसत से 510 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक निकले हैं। दिसंबर 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पार्ल में खेले गए मुकाबले में उन्होंने 108 रन की शानदार पारी खेलकर अपनी क्षमता का परिचय दिया था।
मालूम हो कि वनडे विश्व कप भी दक्षिण अफ्रीका में ही होना है। सूत्र ने कहा कि पंत इस रेस में फिलहाल तो पिछड़ गए हैं। फिलहाल केएल राहुल के साथ दूसरे विकेटकीपर के रूप में सैमसन सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभर रहे हैं। जब उनसे पूछा गया कि पिछली वनडे सीरीज में पंत के चोटिल होने पर जुरैल को लिया गया था तो उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का विकेटकीपर भी दावेदार है लेकिन संजू इस मामले में सबसे आगे हैं।





