वड़ा पाव नहीं, ये है गुजरात की फेमस ‘कच्छी दाबेली’, खट्टे-मीठे स्वाद का ये कॉम्बो जीत लेगा दिल

गुजरात का कच्छ इलाका अपने खान-पान के लिए भी जाना जाता है। कच्छी दाबेली भी इसी जगह की देन है। दाबेली दिखने में मुंबई के वड़ा पाव जैसी नजर आती है, लेकिन इसका स्वाद काफी अलग होता है। दाबेली स्वाद में खट्टी-मीठी और तीखी होती है। अगर आप भी घर पर दाबेली का स्वाद लेना चाहते हैं, तो आइए जानें इसे बनाने की एकदम आसान रेसिपी।

दाबेली बनाने की रेसिपी बनाने के लिए सामग्री:
पाव- 4-6 नग
मक्खन या तेल- दाबेली सेकने के लिए
बारीक सेब- 1/2 कप
अनार के दाने- 1/2 कप
बारीक कटा हरा धनिया- 1/4कप
आलू के मसाले के लिए-
उबले और मैश किए हुए आलू- 3 बड़े
दाबेली मसाला- 2 बड़े चम्मच
इमली-खजूर की मीठी चटनी- 3 बड़े चम्मच
तेल- 1 बड़ा चम्मच
हींग- एक चुटकी
नमक- स्वादानुसार
मसाला मूंगफली के लिए-
भुनी हुई मूंगफली- 1/2 कप
दाबेली मसाला- 1 छोटा चम्मच
तेल- 1 छोटा चम्मच

दाबेली बनाने की रेसिपी बनाने की विधि:

सबसे पहले एक छोटी कटोरी में भुनी हुई मूंगफली लें। इसमें एक छोटा चम्मच तेल, एक छोटा चम्मच दाबेली मसाला और थोड़ा सा नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें, ताकि मसाला मूंगफली पर चिपक जाए। क्रंची मसाला मूंगफली तैयार है।

अब एक पैन में एक बड़ा चम्मच तेल गर्म करें और इसमें एक चुटकी हींग डालें।

अब आंच को धीमा करें और इसमें दो बड़े चम्मच दाबेली मसाला डालें और 10-15 सेकंड के लिए भूनें।

इसके बाद इसमें इमली-खजूर की मीठी चटनी और 2-3 चम्मच पानी डालकर मिलाएं।

अब मैश किए हुए उबले आलू और स्वादानुसार नमक डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाते हुए 2 से 3 मिनट तक पकाएं जब तक कि मिश्रण गाढ़ा न हो जाए।

अब तैयार आलू के मिश्रण को एक बड़ी प्लेट में निकालें और चम्मच से फैला लें। अब इसके ऊपर ऊपर से मसाला मूंगफली, अनार के दाने, बारीक कटा हरा धनिया और थोड़ी सी सेव डालकर सजाएं।

इसके बाद एक पाव लें और उसे बीच से इस तरह काटें कि वह दूसरी तरफ से जुड़ा रहे।

इस पाव के एक तरफ तीखी लहसुन की चटनी और दूसरी तरफ खट्टी-मीठी इमली की चटनी लगाएं।

अब प्लेट में फैलाए गए आलू के मसाले में से 1-2 बड़े चम्मच मसाला लेकर पाव के बीच में अच्छी तरह भरें।

ऊपर से थोड़े और अनार के दाने और मसाला मूंगफली डालकर पाव को हल्का सा दबा दें।

तवे पर थोड़ा सा बटर गर्म करें और तैयार दाबेली को तवे पर रखें और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से हल्का सा क्रिस्पी होने तक सेक लें।

जैसे ही दाबेली तवे से उतरे, इसके किनारों को बारीक सेव की प्लेट में घुमा लें, ताकि सेव मसाले पर अच्छी तरह चिपक जाए।

गरमा-गरम, खट्टी-मीठी और बेहद स्वादिष्ट कच्छी दाबेली तैयार है।

Back to top button