लेह में सेना प्रमुख और उपराज्यपाल की अहम बैठक, अग्निवीरों के पुनर्नियोजन पर मंथन

थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को लेह स्थित लोक निवास में लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान नागरिक-सेना सहयोग को और मजबूत करने तथा केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन और सशस्त्र बलों के बीच समन्वय बढ़ाकर क्षेत्र के विकास को गति देने पर चर्चा हुई।

केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन में अग्निवीरों के पुनर्नियोजन के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया तथा लद्दाख में शांति, स्थिरता और सतत विकास के लिए संयुक्त प्रयासों को आगे बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। इस बैठक ने केंद्र शासित प्रदेश के विकासात्मक और रणनीतिक उद्देश्यों को पूरा करने में नागरिक प्रशासन और भारतीय सेना के बीच निरंतर सहयोग की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

लेह स्थित लद्दाख स्काउट्स रेजिमेंटल सेंटर का किया दौरा
भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने लेह स्थित लद्दाख स्काउट्स रेजिमेंटल सेंटर का दौरा किया, जहां उन्होंने यूनिट के प्रशिक्षण कार्यक्रमों, परिचालन क्षमताओं तथा रेजिमेंट के हालिया विकास कार्यों की समीक्षा की। दौरे के दौरान सेना प्रमुख को लद्दाख प्रशासन के साथ नागरिक-सेना सहयोग को मजबूत करने में रेजिमेंट की भूमिका की जानकारी दी गई।

उन्होंने उन्नत मुटुप संग्रहालय का भी अवलोकन किया, जिसमें नवस्थापित चीफ्स कॉर्नर शामिल है। यह विशेष अनुभाग भारतीय थल सेना प्रमुखों की विरासत और योगदान को प्रदर्शित करता है। यह दौरा परिचालन तैयारियों को और मजबूत करने के साथ-साथ लद्दाख स्काउट्स रेजिमेंट की समृद्ध विरासत के संरक्षण के प्रति भारतीय सेना की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Back to top button