लुधियाना में हिंदू तख्त के 3 नेताओं को जान से मारने की दी धमकी, खालिस्तान समर्थकों ने भेजा पत्र

पंजाब में हिंदू नेताओं काे जान से मारने की धमकी दिए जाने से हड़कंप मच गया है। श्री हिंदू तख्त के प्रदेश प्रधान राजेश भास्कर लाली (कपूरथला), प्रमुख प्रदेश प्रचारक वरुण मेहता (लुधियाना) और जिला जालंधर के प्रधान जगजीत लक्की को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी खालिस्तान समर्थकों की ओर से पत्र भेज कर दी गई है।
श्री हिंदू तख्त के प्रदेश प्रचारक वरुण मेहता के अनुसार, सिख फॉर जस्टिस के प्रमुख खालिस्तान समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ डट कर आवाज बुलंद करने पर अज्ञात खालिस्तान समर्थकों ने पटियाला स्थित प्रसिद्ध काली माता मंदिर स्थित तख्त के मुख्य कार्यालय में डाक से पत्र भेजकर तीनों को मारने की धमकी दी है।
वरुण मेहता ने बताया कि तख्त की ओर से हमेशा ही अलगाववादी खालिस्तानी समर्थक ताकतों व लंदन में बैठे सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के प्रमुख गुरपतवंत पन्नू के खिलाफ आवाज बुलंद की जा रही है। तख्त ने उन पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर चलाए अभियान और केंद्र सरकार की ओर से एसएफजे पर पाबंदी लगाए जाने पर खुशी मनाए जाने पर कट्टरपंथी संगठन बौखला गए हैं, इसलिए इन लोगों ने जान से मारने का धमकी भरा पत्र भेजा है।
उन्होंने कहा कि हमारा एक ही लक्ष्य है देश विरोधी खालिस्तान व अन्य कट्टरपंथी ताकतों का विरोध करना व जेलों में बंद आंतकियों को फांसी की सजा दिलवाना। ऐसी धमकियों से हमारे मिशन को कोई फर्क नहीं पड़ेगा, बल्कि अब जोश से अपने अभियान में तेजी लेकर आएंगे।
मेहता ने कहा कि जगजीत लक्की व लाली भास्कर डट कर तख्त के धर्माधीष अनंत विभूषित जगतगुरु पंचानंद गिरी की ओर से राष्ट्र व धर्म प्रेम की अलख जगाने के दिए संदेश को लेकर पूरी तनदेही से कार्य कर रहे हैं। तख्त के नेता किसी भी प्रकार की सुरक्षा की मांग प्रशासन से नहीं करेंगे व डट कर कट्टरपंथियों को सबक सिखाने के मिशन पर कार्य करेंगे।





