नई दिल्ली/पटना.राजद प्रमुख लालू प्रसाद के घर पर सीबीआई रेड के 24 घंटे बाद ही उनकी बेटी मीसा भारती की दिल्ली स्थित तीन प्रॉपर्टीज पर शनिवार को ईडी ने दबिश दी। ईडी अधिकारी सुबह-सुबह बिजवासन, सैनिक फार्म और घिटोरनी स्थित परिसरों में पहुंच गए।
राज्यसभा सांसद मीसा और उनके पति शैलेश पर यह कार्रवाई 8 हजार करोड़ रु. के मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच के तहत हुई है। इस दौरान कई दस्तावेज, दोनों के फोन सहित कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए। छापेमारी साढ़े 9 घंटे चली। सूत्रों के अनुसार मीसा और शैलेश से करीब सात घंटे पूछताछ हुई। शाम 4 बजे ईडी अधिकारी घिटोरनी फार्म हाउस से शैलेश को सैनिक फार्म हाउस ले गए। वहां बंद पड़े कमरों की शैलेश के सामने जांच की गई। यह प्रॉपर्टीज मीसा व शैलेश के नाम हैं। जबकि एक मैसर्स मिशेल प्रिंटर्स एंड पैकर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से रजिस्टर्ड है।
बिजवासन, सैनिक फार्म और घिटोरनी को खंगाला
90 फर्जी कंपनियाें के जरिये 8 हजार करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग
शनिवार की छापेमारी दिल्ली के दो कारोबारी भाइयों सुरेंद्र जैन व वीरेंद्र जैन के 8 हजार करोड़ रु. के मनी लॉन्ड्रिंग केस से जुड़ी है। इन्होंने 90 फर्जी कंपनियों के जरिये करोड़ों का काला धन सफेद किया। दोनों जेल में हैं। जैन भाई जिन फर्मों से डील करते थे, उनमें से एक मैसर्स मिशेल प्रिंटर्स एंड पैकर्स प्राइवेट लिमिटेड भी है। मीसा और उनके पति शैलेश इसके डायरेक्टर रह चुके हैं। 2007-08 में मिशेल प्रिंटर्स के 1.20 लाख शेयर 100 रुपए प्रति शेयर की दर से चार फर्जी कंपनियों ने खरीदे। फिर मीसा ने यही शेयर 10 रुपए प्रति शेयर खरीद लिए और मोटा मुनाफा कमाया। ईडी मीसा के सीए राजेश अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर चुका है। उसने मिशेल प्रिंटर्स को 60 लाख रु. का काला धन सफेद बनाने में मदद की थी।
आयकर केस के आधार पर ईडी की जांच
बेनामी संपत्ति मामले में आयकर अधिकारियों ने भी मीसा से 21 जून को करीब 5 घंटे पूछताछ की थी। आयकर के केस के आधार पर ईडी की टीम इस मामले में जांच कर रही है। इससे पहले पिछले माह आयकर ने दिल्ली से पटना-दानापुर तक मीसा व उनके पति शैलेश के अलावा तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी और उनकी दो पुत्रियाें रागिनी और चंदा यादव से जुड़ी एक दर्जन संपत्ति और भूखंड अस्थायी रूप से जब्त किए थे। कुर्क संपत्ति का बाजार मूल्य 175 करोड़ रुपये बताया गया है।
उधर, लालू के 12 ठिकानों पर सीबीआई कार्रवाई का अपडेट
– लालू समेत सभी आरोपियों से पूछताछ की तैयारी, जल्द ही जारी होगा समन।
– पहले अलग-अलग फिर आमने-सामने बिठाकर होगा सवाल-जवाब।
– पांच जुलाई को दर्ज केस के जांच अधिकारी बनाए गए डीएसपी संजय दुबे।
– दिल्ली से पहुंची सीबीआई अफसरों की टीम 72 घंटे तक पटना में डेरा डाले रही।
– लालू के निर्माणाधीन मॉल के प्लॉट पर भी गई टीम, फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी की।