लालू की सुरक्षा को खतरा, जेल अधीक्षक ने कहा- पेइंग वार्ड के दूसरे तल्ले में होंगे शिफ्ट

रांची के रिम्स में इलाज करा रहे लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा को खतरा है। अभी वे जिस वार्ड में रह रहे हैं, वह उनके लिए असुरक्षित है। चौंकाने वाला यह खुलासा जेल अधीक्षक, जेल एआइजी और रिम्स अधीक्षक की निरीक्षण के दौरान हुआ। अभी उनके वार्ड की खिड़कियां एक्सपोज हैं। जिनसे बाहरी लोग कभी भी लालू को निशाना बना सकते हैं। फिलहाल उनकी सुरक्षा एहतियात को देखते हुए रिम्स प्रबंधन उन्हें पेइंग वार्ड के दूसरे तल्ले पर शिफ्ट करने पर विचार कर रहा है।
राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। जेल अधीक्षक, जेल आइजी और रिम्स अधीक्षक ने रिम्स के पेइंग वार्ड का निरीक्षण किया जहां लालू प्रसाद इलाज करा रहे हैं। निरीक्षण के बाद उनके कमरे की खिड़की को एक्सपोज हुआ बताया गया है। कहा गया कि इससे हमेशा उनकी असुरक्षा बनी रहती है। रिम्स अधीक्षक डॉ. विवेक कश्यप ने बताया कि उन्हें पेइंग वार्ड के दूसरे तल्ले में शिफ्ट किया जा सकता है।
बताते चलें कि रिम्स के पेइंग वार्ड में चार महीने से भर्ती सजायाफ्ता लालू प्रसाद के स्वास्थ्य में पिछले कई दिनों से उतार-चढ़ाव चल रहा है। सोमवार को जेल अधीक्षक अशोक चौधरी, जेल एआइजी दीपक विद्यार्थी और सदर डीएसपी दीपक पांडेय ने रिम्स चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विवेक कश्यप के साथ जाकर रिम्स के पेइंग वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से लालू के कमरे को उनके लिए असुरक्षित बताया।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से असुरक्षित हैं कमरे की खिड़की : रिम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विवेक कश्यप ने बताया कि लालू प्रसाद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। प्रशासन की ओर से अधिकारियों ने लालू की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। रिम्स सिर्फ लालू प्रसाद का मेडिकल पार्ट देखती है। जिससे उनका बेहतर इलाज हो, इस बात का अच्छे से ध्यान रखा जाता है। अधीक्षक ने बताया कि लालू को पेइंग वार्ड के ही दूसरे तल्ले में शिफ्ट करने की बात चल रही है। सुरक्षा की दृष्टिकोण से वर्तमान के कमरे की खिड़की एक्सपोज है। जिस कारण उन्हें ऊपर के कमरे में शिफ्ट करने की बात चल रही है, जिससे कोई भी उनकी खिड़की तक एक्सेस न कर सके।
सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, कैसे होंगे शिफ्ट : डॉ. कश्यप ने कहा कि ऊपर के कमरे में लालू को शिफ्ट करने में कठिनाई है, क्योंकि लालू की सुरक्षा के लिए रिम्स प्रबंधन की ओर से 1.5 लाख से ज्यादा रुपये खर्च कर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वर्तमान के कमरे में नर्स, ड्रेसर के साथ सारी व्यवस्था है। सारी व्यवस्था को नए सिरे से पुन: करना पड़ेगा। प्रशासन की ओर से निर्देश मिलने पर पालन किया जाएगा। बताते चलें कि बीते दिनों लालू का इलाज कर रहे चिकित्सकोंं ने लालू के स्वास्थ्य को लेकर वार्ड में टहलने और धूप में बैठने की नसीहत दी थी। वहीं धूप में बैठने के दौरान कई लोग जाकर लालू से मुलाकात कर रहे थे।
लालू के यूरिन में इंफेक्शन बरकरार : राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद की स्थिति अभी स्थिर है, लेकिन यूरिन में इंफेक्शन का बरकरार रहना डॉक्टरों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। बुधवार को उनकी रिपीट यूरिन कल्चर और यूरिन की जांच की जाएगी। यह जानकारी लालू का इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. उमेश प्रसाद ने दी।
डॉ. प्रसाद ने बताया कि फिलहाल लालू प्रसाद का ब्लड प्रेशर और क्रिटनिन सामान्य है। मधुमेह के कारण शरीर में रोग से लडऩे की क्षमता और प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। इस वजह से बार-बार इंफेक्शन हो सकता है। इन दिनों लालू की बोल-चाल में भी सुधार है। टहलने और धूप में बैठने से तबीयत में काफी सुधार आया है।





