लहंगे से ज्यादा अब स्किन पर हो रहा खर्च! शादी से महीनों पहले ब्यूटी क्लिनिक के चक्कर काट रहीं दुल्हनें

शादी का दिन हर किसी के जीवन का सबसे खास पल होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आज की पीढ़ी इस एक दिन के लिए कितनी पहले से तैयारी शुरू कर रही है? हाल ही में आई एक रिपोर्ट ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
अब शादी की तैयारी का मतलब सिर्फ भारी लहंगे या शेरवानी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि ब्राइडल ब्यूटी रूटीन अब एक बड़े मिशन का रूप ले चुका है और होने वाली दुल्हन कई महीनों पहले से ही इसकी तैयारी कर रही हैं।
14 महीने पहले स्किन केयर की शुरुआत
आजकल की दुल्हनें अपनी शादी से करीब 12 से 14 महीने पहले ही स्किन एक्सपर्ट्स के पास चक्कर लगाना शुरू कर देती हैं। अमेरिका में तो लगभग 23% जेन-जी कपल्स अपनी शादी से पहले बोटॉक्स और फिलर्स जैसे कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट का सहारा ले रहे हैं। भारत में भी यह ट्रेंड काफी तेजी से बढ़ रहा है। महिलाएं शादी से महीनों पहले ब्यूटी ट्रीटमेंट शुरू करवा देती हैं।
इसका सबसे बड़ा कारण परफेक्ट फोटोग्राफी है। आज के दौर में सगाई से लेकर बैचलर पार्टी और शादी तक, करीब 12-12 घंटे की नॉन-स्टॉप फोटोग्राफी होती है, जिसमें हर कोई बेदाग दिखना चाहता है।
अब एक ट्रीटमेंट काफी नहीं
आजकल की दुल्हनें सिर्फ एक क्रीम या फेशियल पर निर्भर नहीं हैं। वे स्टैकिंग तकनीक अपना रही हैं, जिसमें कई तरह के ट्रीटमेंट एक साथ किए जाते हैं। जैसे- त्वचा की चमक बढ़ाने के लिए लेजर ट्रीटमेंट, त्वचा में कसावट लाने के लिए माइक्रोनीडलिंग, होंठों को सुंदर आकार देने के लिए लिप फिलर्स या गर्दन को लंबा और सुडौल दिखाने के लिए ट्रैप टॉक्स। इन हाई-टेक स्किन प्लान का खर्च लाखों रुपये तक जा सकता है, जो दिखाता है कि लोग अपनी सुंदरता के लिए भारी पैसे लगाने को तैयार हैं।
रिकवरी का समय है बेहद जरूरी
अक्सर लोग शादी के ठीक पहले पार्लर जाते हैं, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि बोटॉक्स या फिलर्स जैसे ट्रीटमेंट शादी से कम से कम 2 से 4 महीने पहले करवा लेने चाहिए। इसका कारण यह है कि इलाज के बाद चेहरे पर हल्की सूजन या रेडनेस आ सकती है। सही समय पर ट्रीटमेंट लेने से सूजन शादी के समय तक खत्म हो जाती है और शादी के दिन तक चेहरा बिल्कुल नेचुरल और निखरा हुआ नजर आता है।
सावधानी है जरूरी
भारत जैसे देश में, जहां स्किन टोन काफी अलग-अलग पाई जाती हैं, खास सावधानी बरतनी जरूरी है। आपकी स्किन के लिए क्या सही है और क्या नहीं, इसके लिए डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। बदलते दौर में खूबसूरती की परिभाषा अब केवल बाहरी मेकअप तक सीमित नहीं रही। चेहरे के साथ-साथ गर्दन और कंधों के मेकओवर पर भी ध्यान दिया जा रहा है। अगर आप भी अपनी शादी में पिक्चर परफेक्ट दिखना चाहते हैं, तो याद रखें कि सही प्लानिंग और डॉक्टर की सलाह ही आपको वो मनचाहा निखार दिला सकती है।





