लखनऊ में राष्ट्रीय युवा उत्सव का हुआ आगाज, CM योगी ने किया उद्घाटन

लखनऊ। स्वामी विवेकानंद की आज 12 जनवरी को 157 व जन्मदिवस है। आज इस अवसर पर नवाबो के शहर लखनऊ में सांस्कृतिक मार्च पास्ट के साथ ही फिट यूथ फिट इंडिया थीम पर यूपी में पांच दिवसीय 23वें राष्ट्रीय युवा उत्सव 2020 का आगाज हो गया। कई राज्यों से आए प्रतिभागियों के सांस्कृतिक मार्च पास्ट को हाईकोर्ट के सामने सर्विस रोड से लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया ने झंडी दिखा कर रवाना किया। संस्कृति, खानपान और भाषा को एक साथ दर्शाया तो मिनी इंडिया जैसा रंग देखने को मिला।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज रविवार को स्वामी विवेकानंद के 157 जन्मदिन के अवसर पर इंदिरागांधी प्रतिष्ठान परिसर स्थित जर्मन हैंगर पर बने भव्य विवेकानंद पंडाल में मुख्य समारोह का उद्घाटन किया। इस आयोजन में केंद्रीय खेल व युवा मंत्री किरेन रिजिजू, डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा प्रदेश के खेल व युवा मामलों के मंत्री उपेंद्र तिवारी सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
‘फिट यूथ फिट इंडिया’ की थीम पर आज हो रहे युवा महोत्सव में सीएम योगी ने विवेकानंद की भव्य प्रतिमा का अनावरण लिया। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी का देश के युवाओं के नाम संदेश भी पढ़कर सुनाया। आयोजन के दौरान लोक नृत्य, लोकगीत, एकांकी, शास्त्रीय वादन गायन व नृत्य से जुड़ी 18 सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के साथ कई खेल कूद प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन हुआ।
युवा उत्सव में विवेकानंद पंडाल के मुख्य मंच पर हर दिन प्रतिष्ठित कलाकारों की विशेष प्रस्तुति देखने को मिलेगी। इसमें 12 जनवरी को अभ्युदय, 13 जनवरी को आजादी 70, 14 जनवरी को मुंबई के मनोज जोशी द्वारा चाणक्य नाटक का मंचन, 15 जनवरी को असम की प्रसिद्ध लोक गायिका कल्पना पटवारी द्वारा लोकगीत के फ्यूजन कार्यक्रम की प्रस्तुत होगी। लोक गायिका कल्पना पटवारी 30 भाषाओं में लोक गायिकी की कला का प्रदर्शन करती हैं। इसके साथ ही पांच दिनों तक 1090 चौराहा, रूमी गेट व जीपीओ में भी प्रत्येक दिन विशेष मंच स्थल पर सांस्कृतिक टीमें शाम को प्रस्तुति देंगी।





