रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में शतक जड़ने के बाद संन्यास की खबरों पर तोड़ी चुप्पी, बोले – ‘आवाज नहीं तो मजा नहीं’

भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स वनडे से पहले सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की थी कि रोहित शर्मा अपना आखिरी मुकाबला खेलते हुए नजर आ सकते हैं। ‘हिटमैन’ ने तीसरे वनडे में 110 गेंदों में 138 रन की बेहतरीन पारी खेलकर अपने संन्यास की अफवाहों का करारा जवाब दिया। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 17 चौके और पांच छक्के जमाए।
इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में पहले बल्लेबाजी करके 50 ओवर में 387/3 का स्कोर बनाया। भारतीय टीम 27 रन कम बना सकी और तीन मैचों की सीरीज 1-2 से गंवा बैठी। रोहित शर्मा ने बीसीसीआई डॉट टीवी से बातचीत में कहा कि वो बाहर की आवाज पर जरा भी ध्यान नहीं दे रहे हैं और उनका पूरा ध्यान टीम की मदद करने पर लगा है।
रोहित शर्मा ने क्या कहा
भारत के पूर्व कप्तान ने कहा, ‘देखिए मेरी जिम्मेदारी बल्ले के साथ है। आओ और खेलो। देश का प्रतिनिधित्व करो, टीम का प्रतिनिधित्व करो। जब मैंने डेब्यू किया, तो यही कहा गया था। यही मैं कर रहा हूं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘जब से मैंने डेब्यू किया और जब तक खेलूंगा, तब तक आवाजें होती रहेंगी। तो यह ज्यादा मायने नहीं रखता है। मायने यह रखता है कि मैं फील्ड पर क्या कर रहा हूं। टीम की सफलता में योगदान देने का प्रयास कर रहा हूं। इस समय मेरा पूरा ध्यान इसी पर लगा है। आवाज होने दो। आप जानते हो कि आवाज नहीं होगी तो मजा नहीं आएगा। मेरा काम मैदान के अंदर का है। उनका काम मैदान के बाहर। इसी तरह मैं चीजें देखता हूं।’
बीसीसीआई को देनी पड़ी सफाई
बता दें कि लॉर्ड्स वनडे से पहले बहुत तेज खबर फैली कि रोहित शर्मा आखिरी मुकाबला खेलेंगे। हिटमैन ने शानदार पारी खेलकर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया। रोहित शर्मा के संन्यास की खबरों को खारिज करने के लिए बीसीसीआई को सफाई देनी पड़ी थी।
बीसीसीआई सचिव देवजित साइकिया ने कहा था, ‘मीडिया में रोहित शर्मा के भविष्य पर कयास लगाए जा रहे थे। मैं बताना चाहता हूं कि ऐसी किसी तरह की बात नहीं हुई कि रोहित शर्मा लॉर्ड्स में अपना आखिरी वनडे खेलेंगे।’ बोर्ड सचिव ने बताया कि भारतीय वनडे योजनाओं में रोहित शर्मा हिस्सा हैं।
बोर्ड सचिव ने क्या कहा
देवजित साइकिया ने कहा, ‘रोहित शर्मा भारतीय वनडे टीम के नियमित सदस्य हैं और वो तब तक देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं, जब तक योजना का हिस्सा हैं। अन्य शब्दों में बताना चाहूंगा कि लॉर्ड्स वनडे रोहित का आखिरी मैच नहीं होगा।’





