रोहित शर्मा के लिए वर्ल्ड कप 2027 का क्या है गंभीर-अगरकर का प्लान?

भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को लेकर पिछले कुछ समय से तरह-तरह की खबरें सामने आई हैं। लगातार मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि रोहित को टीम मैनेजमेंट विश्व कप 2027 के लिए नहीं देख रहा है। हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर वनडे सीरीज के दौरान ये दावा किया गया कि लॉर्ड्स वनडे रोहित के करियर का आखिरी मैच हो सकता है।
रोहित ने उस मुकाबले में शतक लगाया और इसके बाद इन अफवाहों पर विराम लग गया। रोहित के संन्यास की खबरों को लेकर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया को भी बयान देना पड़ा। उन्होंने इन रिपोर्ट्स को फर्जी बताते हुए शर्मा के संन्यास की खबरों पर विराम लगाया था। अब इसको लेकर टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दीपदास गुप्ता ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
रोहित शर्मा के संन्यास की खबरों पर दीप दासगुप्ता को आया गुस्सा
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने कहा, ‘जब मैं ये सब सुन रहा था तो मुझे बहुत गुस्सा आया था। मैं अपना गुस्सा यहां पर निकाल सकता हूं। ये एक सीधी बात होनी चाहिए कि जब तक आप रन बना रहे हैं, आपको खेलते रहना चाहिए। सवाल ऐसे समय में ही उठता है, जब वो माहौल बनता है। मैंने किसी कैप्टन, कोच या सेलेक्टर से ये नहीं सुना। ये अलग बात है कि अगर मैदान के बाहर कहा गया हो, तो मुझे इसकी जानकारी नहीं है।”
रोहित को लेकर इससे पहले भी कई बार दावा किया जा चुका है कि वे संन्यास ले सकते हैं। हालांकि, लॉर्ड्स में शतक लगाने के बाद हिटमैन का एक वीडियो बीसीसीआई ने शेयर किया था। रोहित ने कहा, “मेरे लिए ये मायने रखता है कि मैं मैदान पर क्या कर रहा हूं। मैं टीम की सफलता में योगदान देने की कोशिश करता हूं। मेरा पूरा फोकस वहीं है। अगर बाहर शोर होता है, तो होने दो बिना शोर के मजा नहीं आता है। मेरा काम मैदान के अंदर है और उनका काम मैदान के बाहर है।”
वेस्टइंडीज के खिलाफ एक्शन में दिखेंगे रोहित
रोहित अब इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ वनडे में नजर आते हैं। उन्होंने टी20 और टेस्ट से संन्यास ले लिया है। इस वजह से लंबे गैप के बाद खेलते हुए दिखाई देते हैं। भारत को अब सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है, जिसमें रोहित खेलते हुए दिखाई देंगे। इस सीरीज की शुरुआत 27 सितंबर से होगी।





