रोमांटिक केयर या टॉक्सिक कंट्रोल? पहचानें ‘लव बॉम्बिंग’ के वो 6 संकेत

जब कोई नया इंसान हमारी जिंदगी में आता है और अचानक हमें दुनिया का सबसे खास इंसान महसूस कराने लगता है, तो किसे अच्छा नहीं लगता? फिल्मों जैसी फीलिंग, हर वक्त अटेंशन और बेहिसाब तारीफें- यह सब शुरुआत में एक खूबसूरत सपने जैसा लगता है, लेकिन क्या यह सच में सच्चा प्यार है, या फिर ‘लव बॉम्बिंग’ का खतरनाक जाल?
बता दें, ‘लव बॉम्बिंग’ एक ऐसा तरीका है, जिसमें कोई इंसान रिश्ते की शुरुआत में आपको बहुत ज्यादा प्यार, तोहफे और अटेंशन देता है। इसका मकसद प्यार जताना नहीं, बल्कि आप पर अपना कंट्रोल बनाना होता है। लोग अक्सर इसे ‘सच्चा प्यार’ समझकर धोखा खा जाते हैं। ऐसे में, आइए जानते हैं लव बॉम्बिंग के वो 6 संकेत, जो आपको इस टॉक्सिक रिश्ते को पहचानने में मदद करेंगे।
शुरुआत में ही जरूरत से ज्यादा तारीफ करना
मिलने के कुछ ही दिनों बाद अगर कोई आपसे कहने लगे कि “तुम मेरे लिए सब कुछ हो,” “मैंने तुम्हारे जैसा कोई नहीं देखा,” या “तुम मेरी सोलमेट हो,” तो सावधान हो जाएं। प्यार को पनपने में समय लगता है। अगर कोई बिना आपको ठीक से जाने आपको आसमान पर बिठा रहा है, तो यह लव बॉम्बिंग का पहला संकेत हो सकता है।
रिश्ते में बहुत ज्यादा जल्दबाजी करना
सच्चे रिश्ते धीरे-धीरे मजबूत होते हैं, लेकिन लव बॉम्बर हमेशा जल्दी में होता है। वो मिलने के कुछ हफ्तों के भीतर ही शादी, एक साथ रहने या भविष्य की बड़ी-बड़ी कसमें खाने लगता है। वो आपको सोचने का समय ही नहीं देना चाहता, ताकि आप जल्दी से उसके इमोशनल जाल में फंस जाएं।
हर पल की खबर रखना और लगातार मैसेज करना
दिन भर मैसेज आना या पूछना कि “तुम कहां हो?”, “किसके साथ हो?”, “क्या कर रही हो?” शुरुआत में आपको फिक्र लग सकता है, लेकिन हकीकत में, यह आपकी पर्सनल स्पेस खत्म करने का एक तरीका है। वो यह जताना चाहते हैं कि वो आपके बिना एक पल नहीं रह सकते, लेकिन असल में वे आप पर नजर रख रहे होते हैं।
बिन मांगे बड़े और महंगे तोहफे देना
रिश्ते की शुरुआत में ही बहुत महंगे गिफ्ट्स देना, अचानक सरप्राइज ट्रिप प्लान करना या आपकी सारी जरूरतें पूरी करने की कोशिश करना लव बॉम्बिंग का एक बड़ा हिस्सा है। ऐसा करके वो आपके मन में यह भावना डाल देते हैं कि आप उनके ‘कर्जदार’ हैं। बाद में जब वो कंट्रोल करने की कोशिश करते हैं, तो आपको उन्हें छोड़ने में गिल्ट महसूस होता है।
आपको दोस्तों और परिवार से दूर करना
एक लव बॉम्बर चाहता है कि आपकी दुनिया सिर्फ उसी तक सीमित रहे। वो धीरे-धीरे आपको आपके दोस्तों और परिवार से दूर करने लगेगा। वो ऐसी बातें कह सकता है कि “तुम्हारे दोस्त हमें साथ नहीं देखना चाहते” या “मुझे तुम्हारे अलावा किसी की जरूरत नहीं, क्या तुम्हें है?”। उनका मकसद आपको अकेला करना होता है, ताकि आप पूरी तरह उन पर निर्भर हो जाएं।
‘ना’ सुनने पर गुस्सा या इमोशनल ब्लैकमेल करना
यह सबसे बड़ा रेड फ्लैग है। जब आप अपनी कोई बाउंड्री तय करने की कोशिश करते हैं, अकेले समय बिताना चाहते हैं या उनकी किसी बात के लिए ‘ना’ कहते हैं, तो उनका असली रूप बाहर आ जाता है। वो अचानक बहुत गुस्सा हो जाते हैं, विक्टिम कार्ड खेलते हैं या आपको इमोशनल ब्लैकमेल करते हैं कि “मैंने तुम्हारे लिए इतना कुछ किया और तुम मेरे लिए इतना भी नहीं कर सकतीं।”
क्या करें अगर आप लव बॉम्बिंग का शिकार हैं?
सच्चा प्यार आपको आजादी देता है, घुटन नहीं। अगर आपको अपने नए रिश्ते में ये संकेत नजर आ रहे हैं और अंदर से कुछ ‘अजीब’ या भारीपन महसूस हो रहा है, तो तुरंत ब्रेक लें। रिश्ते की रफ्तार को धीमा करें और अपनी बाउंड्रीज सेट करें। अगर सामने वाला इंसान सच में आपसे प्यार करता है, तो वो आपके फैसले का सम्मान करेगा, लेकिन अगर वो लव बॉम्बर है, तो वो आपका कंट्रोल अपने हाथ से जाता देख भड़क जाएगा। ऐसे टॉक्सिक रिश्ते से जितनी जल्दी हो सके, बाहर निकल जाना ही समझदारी है।





