रेड अलर्ट के बावजूद क्यों नहीं हो रही दिल्ली-NCR में तेज बारिश

झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे दिल्ली-NCR के लोगों का इंतजार बढ़ता जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विज्ञान (India Meteorological Department) ने दिल्ली-एनसीआर में 25 और 26 जुलाई को भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया था और इस बाबत रेड अलर्ट भी जारी किया गया था। बावजूद इसके बारिश नहीं हो रही है।

भारी बारिश के रेड अलर्ट को उड़ा ले गई पूर्वी हवा
दिल्लीवासियों ने बृहस्पतिवार को दिनभर बारिश का इंतजार किया, क्योंकि मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया था। सुबह से लेकर शाम तक लोग बादलों की ओर ही देखते रहे, लेकिन पूर्वी हवा बादलों को ले उड़ी। मौसम विभाग ने इसका कारण मानसून ट्रफ का दिशा बदल लेना बताया है। हालांकि, अभी शुक्रवार और शनिवार को भी बारिश की संभावना बनी रहेगी।
बृहस्पतिवार को बारिश तो नहीं आई, लेकिन तेज हवा चलने की वजह से मौसम अपेक्षाकृत सुहाना रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 30.5 डिग्री सेल्यियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हवा में नमी का स्तर 75 से 90 फीसद रहा। जहां तक बारिश का सवाल है सुबह साढ़े आठ बजे तक यह आंकड़ा 21.6 मि.मी. रहा जबकि इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे तक कोई बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को भी बादल छाए रहेंगे और मध्यम स्तर की बारिश होने की भी संभावना है। कहीं-कहीं तेज बारिश भी हो सकती है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 31 और 24 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
दूसरी तरफ स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि दक्षिण दिशा से आगे बढ़ रहा मानसून ट्रफ उत्तर दिशा की तरफ ही आना था, लेकिन हवा की दिशा में बदलाव से यह पश्चिम दिशा की ओर बढ़ गया। इसीलिए दिल्ली में बारिश नहीं हो पाई जबकि एनसीआर में कई जगह अच्छी बारिश हुई। हालांकि अभी शुक्रवार व शनिवार को भी अच्छी बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को लेकर भी तेज बारिश का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार जारी अलर्ट में कहा गया है कि शुक्रवार को दिल्ली, यूपी, बिहार, झारखंड, असम, कर्नाटक, तेलंगाना, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी से भारी बारिश हो सकती है।





