रिश्वत लेने पर UP के सीबीआई ने सीजीएसटी के अधीक्षक को किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कानपुर में सीबीआई ने सीजीएसटी के अधीक्षक को गिरफ्तार किया है. मेरठ के सीजीएसटी कार्यालय की ऑडिट सेल में तैनात अधीक्षक विकास कुमार ने बिजली ठेकेदार अजय कुमार से उसके टैक्स से संबंधित फाइलों को क्लियर करने के एवज में 8 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी. रिश्वत में मोलतोल के बाद 5 लाख रुपये में फाइलें निपटाने का सौदा तय हुआ था.
रिश्वत को लेकर ठेकेदार ने इसकी शिकायत सीबीआई के अधिकारियों से की थी. इस मामले को लेकर एक टीम का गठन किया गया. इस मामले में सीबीआई ने छापेमारी कर विकास कुमार को गिरफ्तार किया है. शिकायतकर्ता अजय कुमार तारापुर इलाके के रहने वाले हैं. आरोपों के मुताबिक सीजीएसटी अधीक्षक के लगातार दबाव से शिकायतकर्ता अजय काफी परेशान थे जिसके बाद यह शिकायत सीबीआई को की गई.
सीबीआई ने ऐसे बुना जाल
इस छापेमारी में सीबीआई की 10 लोगों की टीम मेरठ पहुंची और उसने जाल बिछाया. रिश्वत की रकम विकास कुमार ने सीजीएसटी के दफ्तर में ही अजय कुमार से ली और जैसे ही रिश्वत देकर अजय कुमार नीचे उतरे सीबीआई ने छापेमारी कर दी. रिश्वत ले ने के बाद विकास कुमार को पकड़ लिया गया.
हालांकि शुरुआत में विकास कुमार ने रिश्वत लेने से मना किया लेकिन सीबीआई की टीम पूरी तैयारी से आई थी और उसने वीडियो कैमरे के सामने उनके हाथ पानी से धुलवाए, जिससे पहले से ही केमिकल लगे नोटों की वजह से विकास कुमार के हाथ लाल हो गए. उसके बाद विकास कुमार ने दफ्तर के अंदर से रिश्वत की रकम बरामद की गई. इसके बाद सीबीआई विकास कुमार को गाजियाबाद लेकर चली गई जहां उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा.





