राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी में बड़ा खुलासा: शेयर बाजार और ब्याज पर लगाया पैसा

उत्तर प्रदेश के अयोध्या की एक विशेष अदालत ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में मंगलवार को 2 आरोपियों की 14 घंटे की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि अदालत ने जांच अधिकारी के 7 दिन की पुलिस हिरासत के अनुरोध को खारिज कर दिया। विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण) की अदालत ने आरोपी रामशंकर मिश्र और सुभाष चंद्र श्रीवास्तव की पुलिस रिमांड मंजूर की।
सूत्रों के अनुसार, मामले के जांच अधिकारी आशुतोष तिवारी ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के लिए सात दिन की पुलिस रिमांड का अनुरोध किया था लेकिन अदालत ने 14 घंटे की हिरासत की अनुमति दी। सूत्रों ने बताया कि पुलिस दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए बुधवार सुबह करीब सात बजे हिरासत में ले सकती है। पुलिस इससे पहले मामले के सह-आरोपी अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडे से अलग-अलग पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ कर चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक, इन चारों आरोपियों से पूछताछ के दौरान नकदी, सोना, निवेश संबंधी दस्तावेज और कथित रूप से चोरी की गयी रकम से खरीदे गए दो चारपहिया वाहन बरामद किए गए। सूत्रों ने दावा किया कि जांच में यह भी सामने आया कि कथित चोरी की गई राशि का एक हिस्सा ब्याज पर ऋण देने और शेयर बाजार में निवेश किया गया था।





