राजस्थान : विधानसभा सत्र के पहले भाजपा ने भी शुरू की बाड़ेबंदी, 12 विधायकों को भेजा अहमदाबाद

जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस के बाद अब भाजपा ने भी अपने विधायकों को टूटने से रोकने के लिए बाड़ेबंदी शुरू कर दी है। भाजपा ने गुजरात सीमा से सटे पांच जिलों के 12 विधायकों को अहमदाबाद में एक होटल में रखा है। पार्टी नेतृत्व को वसुंधरा राजे समर्थक विधायकों के पाला बदलने का भय सत्ता रहा है। हालांकि, भाजपा ने अपने विधायकों की बाड़ेबंदी से इंकार किया है।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा के कुछ विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं। ये सभी विधायक भाजपा नेतृत्व से नाराज चल रही पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के समर्थक हैं। कहा जा रहा है कि सीएम गहलोत ने वसुंधरा समर्थक विधायकों को अपने पाले में लाने की कथित कोशिश की है। भाजपा को भय है कि 14 अगस्त से शुरू हो रहे राजस्थान विधानसभा सत्र में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विश्वास प्रस्ताव पेश कर सकते हैं। गहलोत अपनी सरकार बचाने के लिए भाजपा में तोड़फोड़ कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि 14 अगस्त से राजस्थान विधानसभा का सत्र शुरू होने जा रहा है। सीएम गहलोत विश्वास प्रस्ताव पेश कर सकते हैं। अपनी सरकार बचाने के लिए गहलोत भाजपा में तोड़-फोड़ भी करा सकते हैं। इसलिए भाजपा पहले से सतर्क हो गई है।





