राजस्थान में लू का कहर तेज, पारा 44 डिग्री तक पहुंचने के आसार

राजस्थान अब गर्म लू की चपेट में है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राजस्थान में अगले 4-5 दिन मौसम शुष्क बना रहेगा और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं 17-18 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान, खासकर जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक रहेगा। इस दौरान कई जगहों पर हीटवेव चलने की भी आशंका है।

इसी के बीच राज्य में गर्मी का असर अब दिन के साथ-साथ रात में भी महसूस होने लगा है। बुधवार को श्रीगंगानगर और चूरू सहित 10 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया, जहां हल्की हीटवेव का असर देखने को मिला।

राजधानी जयपुर समेत 4 जिलों में इस सीजन की सबसे गर्म रात रिकॉर्ड हुई। यहां न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। पिछले 24 घंटे में पूरे राज्य में मौसम साफ रहा और तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। हनुमानगढ़, फलोदी, जैसलमेर और अन्य शहरों में पारा 40 डिग्री से ऊपर बना रहा।

सबसे अधिक गर्मी बाड़मेर में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी में दिन के समय हल्की लू चलने से जनजीवन प्रभावित रहा और दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा छा गया।

जयपुर में भी गर्मी लगातार बढ़ रही है। दिन में गर्म हवाएं चल रही हैं, जबकि रात का तापमान भी ऊंचा बना हुआ है, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी जिलों में गर्मी और अधिक तीखी हो सकती है।

अगर प्रमुख शहरों की बात करें तो अजमेर में अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम 21.9 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि भीलवाड़ा में पारा 39.5 तक पहुंचा। जयपुर में अधिकतम तापमान 39.2 और न्यूनतम 28.2 डिग्री के साथ सीजन की सबसे गर्म रात दर्ज की गई। वहीं कोटा में 41.1 और चित्तौड़गढ़ में 41.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही, जहां पारा 42.8 डिग्री तक पहुंच गया।

इसके अलावा जैसलमेर में 41.7, जोधपुर में 41.4 और बीकानेर में 40.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर और चूरू में भी पारा 40 डिग्री के पार रहा।

Back to top button