राजस्थान के कोटा में छेड़छाड़ के मामले में सजा सुनते ही जहर पीने का मामला आया सामने…

राजस्थान के कोटा में सोमवार को पॉक्सो कोर्ट क्रमांक तीन ने छेड़छाड़ के मामले में एक दोषी को तीन साल की सजा सुनाई। सजा सुनते ही दोषी ने जहर पी लिया। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
कोटा के बपावर थाना क्षेत्र के डाबरी गांव निवासी 22 साल के गोविंद नायक पर छेड़छाड़ का आरोप था। जिसके तहत कोटा के पॉक्सो क्रमांक तीन न्यायालय में उसका मुकदमा चल रहा था। गोविंद जमानत पर था और सोमवार को ट्रायल होने से न्यायालय में आया था। यायालय ने गोविंद नायक को दोषी मानते हुए तीन साल की सजा सुनाई। इस दौरान वह पहले से अपने साथ एक बॉटल में जहर लेकर आया था। जैसे ही उसे सजा सुनाई, उसने जहर पी लिया और कटघरे में ही बैठ गया।
कटघरे से जब गार्ड गोविंद को ले जाने लगे तो उन्होंने देखा कि गोविंद ने जहर पी लिया है और वह बदहवास होने लगा है। तुरंत उसे एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रात को उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद नयापुरा थाना पुलिस ने उसके शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। साथ ही, मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।





