RJD की बैठक हुई ख़त्म, तेजस्वी के इस्तीफे से लालू का इन्कार

पटना। बिहार में महागठबंधन में आई दरार खत्म नहीं हुई है। इस बीच बुधवार को राजद विधायक दल की बैठक के बाद लालू यादव ने एक बार फिर से तेजस्वी यादव के इस्तीफे से इन्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार नहीं बल्कि विपक्ष तेजस्वी का इस्तीफा मांग रहा है।
लालू ने बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि नीतीश गठबंधन के नेता हैं और हम चाहते हैं कि यह महागठबंधन 5 साल चले। महगठबंधन में दरार को लेकर लालू यादव ने साफ कहा कि यह सिर्फ मीडिया की कही बाते हैं।
राजद की बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शाम 5 बजे अपने विधायकों की बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि इसके बाद तेजस्वी यादव पर इस्तीफे का दबाव बढ़ सकता है। वहीं इस बात की भी संभावना जताई जा रही है कि नीतीश कुमार विधानसभा सत्र के पहले तेजस्वी को लेकर कोई कदम उठा सकते हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के शपथ ग्रहण के बाद नीतीश फिर सक्रिय हुए हैं। बता दें कि पहले खबरें आ रहीं थीं कि नीतीश कोविंद की शपथ के बाद कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। नीतीश ने आज शाम 5 बजे अपने विधायकों की बैठक बुलाई है।





