राजकीय कॉलेजों के शौचालयों की सुधारी जाएगी दशा

लखनऊ। जल्द ही राजकीय इंटर कॉलेजों में जीर्ण-शीर्ण शौचालयों की दशा बदल जाएगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक अमरनाथ वर्मा ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश जारी कर इस संबंध में प्रस्ताव मांगा है। बहुत से ऐसे राजकीय कॉलेज हैं जहां शौचालयों की स्थिति बेहद खराब है। इससे छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कतें होती हैं। जल्द ही जीर्ण-शीर्ण शौचालयों की जगह नए शौचालय बनाए जाएंगे।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने जिला विद्यालय निरीक्षकों से ऐसे राजकीय इंटर कॉलेजों (बालक-बालिका) जिनमें छात्र-छात्राओं के शौचालय जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं, उन्हें चिन्हित कर शौचालय निर्माण का प्रस्ताव संस्तुति के साथ एक सप्ताह में भेजने के निर्देश दिए हैं। यह प्रस्ताव सहायक शिक्षा निदेशक (भवन) शिक्षा निदेशालय इलाहाबाद को प्रेषित करते हुए इसकी प्रति निदेशालय को भी भेजनी होगी। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग जल्द ही स्कूलों का निरीक्षण करने की तैयारी कर रहा है। निरीक्षण के दौरान यदि स्कूलों के शौचालय बंद मिले तो स्कूल के शिक्षकों व प्रधानाचार्यों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा छात्रों के बताने के आधार पर स्कूलों के संबंधित अधिकारियों से स्पष्टïीकरण मांगा जाएगा।

Back to top button