रणजी ट्रॉफी में चेतेश्वर पुजारा ने जड़ा नाबाद शतक, फाइनल में पहुंचने से 55 रन दूर सौराष्ट्र

हाल में आस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम की टेस्ट सीरीज में जीत के नायक रहे चेतेश्वर पुजारा (नाबाद 108) के शतक और शेल्डन जैक्सन (नाबाद 90) के साथ चौथे विकेट के लिए उनकी 201 रन की नाबाद साझेदारी की बदौलत सौराष्ट्र की टीम कर्नाटक के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के पांच दिवसीय सेमीफाइनल में जीत से महज 55 रन दूर है और उसके सात विकेट बाकी हैं।रणजी ट्रॉफी में चेतेश्वर पुजारा ने जड़ा नाबाद शतक, फाइनल में पहुंचने से 55 रन दूर सौराष्ट्र

सौराष्ट्र ने जीत के लिए 279 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे दिन स्टंप तक दूसरी पारी में तीन विकेट गंवाकर 224 रन बना लिए थे। दिलचस्प बात है कि इस लक्ष्य का पीछा करते हुए सौराष्ट्र की टीम महज 23 रन पर तीन विकेट खो बैठी थी, जिसके बाद पुजारा और जैक्सन क्रीज पर उतरे। इन दोनों ने गजब की बल्लेबाजी की और टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया है।

पुजारा ने जिम्मेदारी से खेलते हुए इस दौरान 49वां प्रथम श्रेणी शतक जड़ा तो जैक्सन अपने 16वें प्रथम श्रेणी सैकड़े से महज 10 रन दूर हैं। सौराष्ट्र की टीम को अब फाइनल में पहुंचने के लिए 55 रन की दरकार है। वह जीत के साथ ही पिछले सात वर्षों में तीसरे रणजी ट्रॉफी फाइनल में पहुंच जाएगी।

पुजारा ने 216 गेंद का सामना करते हुए अपनी शतकीय पारी के दौरान 14 चौके जमा लिए हैं जबकि जैक्सन अभी तक 205 गेंद खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 13 बार गेंद सीमारेखा के पार कराई। सौराष्ट्र ने पहला विकेट पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज हार्विक देसाई (09) के रूप में गंवाया जो अभिमन्यु मिथुन की गेंद पर आउट हुए।

इसके बाद विनय कुमार ने विकेटकीपर बल्लेबाज स्नेल पटेल और विश्वराज जडेजा को पवेलियन भेजकर सौराष्ट्र को बड़े झटके दिया। ये दोनों एक भी रन नहीं बना सके। पुजारा और जैक्सन ने मिलकर टीम को इन शुरूआती झटकों से उबारा। सुबह कर्नाटक ने दूसरी पारी में आठ विकेट पर 237 रन से आगे खेलना शुरू किया और महज दो रन जोड़कर दो विकेट गंवा दिये।

Back to top button