योगी सरकार का निर्णय: हफ्ते में सिर्फ पाँच दिन खुलेंगे ऑफिस और बाजार

लखनऊ. उत्तर
प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए योगी सरकार ने
बड़ा फैसला लिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार अब सूबे में हफ्ते के पांच
दिन ही कार्यालय और बाजार खुलेंगे. सोमवार से शुक्रवार तक ऑफिस और बाजार
खोले जाएंगे, जबकि शनिवार और रविवार को सभी दफ्तर और बाजार पूरी तरह से बंद
रहेंगे.

बताया जा रहा
है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपने टीम-11 के साथ कोरोना को लेकर
हुई समीक्षा बैठक में इस बात पर सहमती बनी. बैठक में इस बात को लेकर मंथन
हुआ कि अनलॉक के बाद कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े हैं. जिसके बाद यह फैसला
लिया गया कि हफ्ते में पांच दिन ही सरकारी और निजी दफ्तर खुलेंगे. इसके
अलावा बाजार, शहरी और ग्रामीण हाट व अन्य व्यावसायिक संस्थान भी बंद
रहेंगे. इस दौरान आवश्यक वस्तुएं और सेवाएं जारी रहेंगी.

यूपी सरकार ने
अभी 55 घंटे का लॉकडाउन लगाया है. सोमवार से सब कुछ अनलॉक होगा, लेकिन फिर
अगले शुक्रवार की रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन लागू होगा.
सरकार की मंशा यह देखने की है कि क्या इससे संक्रमण की संख्या पर कोई असर
पड़ता है कि नहीं. अगर संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी आती है तो यह
व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी.

गौरतलब है कि
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 1403 नये मामले
सामने आये हैं. जिसके बाद कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 35092 पहुंच गई
है. वहीं प्रदेश में अब तक 913 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हो चुकी है.
उत्तर प्रदेश में कोरोना के कुल एक्टिव केसों की संख्या 11490 है. उत्तर
प्रदेश में डिस्चार्ज मरीजों की कुल संख्या 22689 है.

Back to top button