यूपी के किसान ध्यान दें: अब मनमाफिक तरीके से नहीं मिलेगी खाद

उत्तर प्रदेश के आगरा में खरीफ फसल के लिए उर्वरक की सीमा तय कर दी है। किसानों को अधिकतम प्रति हेक्टेयर 7 पैकेट यूरिया और 5 पैकेट डीएपी दी जाएगी। इसके साथ ही कालाबाजारी और अधिक दर पर न बेचने आदि को रोकने के लिए जिले से ब्लॉक स्तर तक निगरानी टीम बनाई गई है। जो उर्वरक बिक्री पर नजर बनाए रखेगी।
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि खरीफ फसल के लिए किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक निर्धारित मूल्य पर मिले इस पर त्रिस्तरीय निगरानी रहेगी। इसमें जिला स्तर पर उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी और आरएम सहकारिता, तहसील स्तर पर उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और विषय वस्तु विशेषज्ञ, ब्लॉक स्तर पर खंड विकास अधिकारी, प्राविधिक सहायक और कृषि विभाग के कार्मिक शामिल रहेंगे।





