यूपी की कानून-व्यवस्था पर अखिलेश ने योगी सरकार पर साधा निशाना, कहा- यहां सभी असुरक्षित

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज नही है. आम जनता डर और दहशत के साये में जीने को विवश है. समाज का कोई भी वर्ग सुरक्षित नहीं है. उन्होंने कहा कि सूबे में अपराध की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था बुरी तरह विफल है. यादव ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के विधायक निवास स्थित फ्लैट से चोरी यह साबित करता है कि अपराधियों के हौसले बढ़ गये हैं.
शामली में यूपी 100 पुलिस वाहन से खींच कर भीड़ द्वारा हत्या किये जाने की घटना शर्मनाक और दुःखद है. हत्या, लूट, बलात्कार से प्रदेश में अराजकता व्याप्त है. जेल में अपराधियों की दबंगई चलती है. फिरौती और अवैध वसूली, अवैध खनन पर कोई लगाम नहीं. प्रदेश की बदहाल व्यवस्था को ठीक करने की जगह प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित पूरी भाजपा सरकार अन्य राज्यों के दौरे पर है. प्रदेश सरकार का रवैया संवेदनहीन है. गौरतलब है कि मंगलवार को शहर के वीआईपी इलाके डालीबाग स्थिति सपा के प्रदेश अध्यक्ष उत्तम के सरकारी आवास में चोरी हो गयी थी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी एक बयान के अनुसार सपा प्रदेश अध्यक्ष उत्तम हजरतगंज स्थित बहुखंडी आवास डालीबाग कॉलोनी में रहते है. चालक जगत नारायण ने सूचना दी कि वह सुबह जब उत्तम के घर पहुंचा तो उसने देखा कि बाहर का दरवाजा खुला था तथा कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. इस पर कर्मचारी ने फोन पर सपा अध्यक्ष को सूचना दी. सपा प्रदेश अध्यक्ष उस समय घर पर नहीं थे. इसके बाद उत्तम ने दो अन्य कर्मचारियों को वहां भेजकर घर के अंदर जाने को कहा तो पाया गया कि अलमारी खुली है और अलमारी का सारा सामान गायब है. पुलिस ने इस सिलसिले में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.





