यू-ट्यूब पर विवादित गाना गाने के जुर्म में लखनऊ पुलिस ने चार लोगों को लिया हिरासत में

विवादास्पद गाना यू-ट्यूब पर अपलोड करने के मामले में पुलिस ने गोंडा निवासी गायक वरुण और उसके साथी कलाकारों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में हजरतगंज थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई थी। हालांकि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने की बात से इंकार कर रही है। वहीं हजरतगंज थाने में वरुण के पिता ने बताया कि पुलिस तड़के तीन बजे उनको लेकर आई थी।
यह है मामला
गायक वरुण बहार गोंडा के मनकापुर थाने के बन्दरहा गांव का निवासी है। वरुण के पिता ने बताया कि वह पिछले 15 साल से गायकी कर रहा है। देशभर में कई जगह मंचों पर गाना गा चुका है। पुलवामा अटैक के बाद भी उसने कई देशभक्ति के गीत गए थे, जिसे लोगों ने बहुत पसंद किया था। कुछ दिनों पहले वह जिस कंपनी में गाना गाता था, वहां पर उसे इस गाने की लाइन दी गई थी। गाना जब यू-ट्यूब पर अपलोड हुआ तो कई लोगों ने इसका विरोध किया।
गाने को ब्लॉक करने के बाद मांगी थी माफी
वरुण के पिता ने बताया कि लोगों की भावनाएं आहत होने की बात मालूम पड़ने पर उसने कंपनी वालों से बात की, जिसके बाद से विवादित गाने को ब्लाक कर दिया गया था। इसके साथ ही लोगों की भावनाओं के आहत होने पर माफी भी मांग ली थी। वरुण के पिता ने बताया कि लखनऊ पुलिस ने रात तीन बजे उसे हिरासत में लिया था। वरुण के साथ उसके साथी गीतकार मुकेश पांडेय और संतोष यादव को भी पुलिस साथ ले गई। हालांकि पुलिस हिरासत में लेने की बात से इंकार कर रही है। पुलिस का कहना है कि उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया। अधिकारियों के आदेश पर होगी आगे की कार्रवाई।
एसएसपी बोलेे
वहींं एसएसपी ने बताया कि पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इसमें गायक, लेखक और बनाने वाले है। त्रिवेणीनगर के राजेश वर्मा ने गोण्डा पक्षीविहार के संतोष यादव व मुकेश पांडेय से गीत लिखवाया था, जिसे वरुण उपाध्याय उर्फ बाहर ने गया था। सभी के बयान दर्ज किए गए हैं।





