मिताली राज ने रचा इतिहास, यह कारनामा करने वाली बनी विश्व की पहली महिला क्रिकेटर

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वन-डे कप्तान मिताली राज ने अपने खाते में एक खास उपलब्धि जोड़ ली है। मिताली 200 वन-डे खेलने वाली विश्व की पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं। उन्होंने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन में यह उपलब्धि हासिल की।मिताली राज ने रचा इतिहास, यह कारनामा करने वाली बनी विश्व की पहली महिला क्रिकेटर

भारतीय महिला टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। तीसरे मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया है। 

भारत की अनुभवी क्रिकेटर मिताली ने पहले ही अपने नाम सबसे ज्यादा वन-डे खेलने का रिकॉर्ड दर्ज करा रखा था। उन्होंने 192वां वन-डे खेलते ही यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था। इस दौरान मिताली ने इंग्लैंड की पूर्व कप्तान चार्लोट एडवर्ड्स के रिकॉर्ड को तोड़ा था। 

मिताली राज ने वन-डे में डेब्यू जून 1999 में आयरलैंड के खिलाफ किया था। तब उन्होंने नाबाद 114 रन की पारी खेली थी और भारत यह मुकाबला 161 रन से जीता था। 

सबसे ज्यादा वन-डे खेलने वाले शीर्ष पांच महिला क्रिकेटरों हैं:

मिताली राज (भारत) 1999-2019* 200

चार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) 1997-2016 191

झूलन गोस्वामि (भारत) 2002-2019* 174

एलेक्स ब्लैकवेल (ऑस्ट्रेलिया) 2003-2017 144

जेनी गन (इंग्लैंड) 2004-2018* 143

मिताली राज की उपलब्धियां अपार

बहरहाल, मिताली राज की वन-डे में उपलब्धियां अपार हैं-

x) वह वन-डे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला क्रिकेटर हैं। उन्होंने अब तक 6622 रन बनाए हैं।

x) मिताली वन-डे में देश की कमान सबसे ज्यादा बार संभालने वाली महिला क्रिकेटर हैं। उन्होंने अब तक 123 मैचों में भारतीय टीम का नेतृत्व किया है। इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स 117 मैचों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

x) 100 या इससे अधिक मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटरों में मिताली का बल्लेबाजी औसत सबसे अच्छा है। 

x) मिताली राज ने वन-डे क्रिकेट में सात शतक और 52 अर्धशतक जमाए। उन्होंने वन-डे में सबसे ज्यादा अर्धशतक जमाने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर रखा है। 

हालांकि, मिताली राज अपने 200वें वन-डे को खास नहीं बना सकी। वह तीसरे वन-डे में केवल 9 रन बनाकर आउट हुईं।

Back to top button