‘मावां धीयां सत्कार योजना’ शुरू: जालंधर में सीएम मान ने किया शुभारंभ

पंजाब में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ की शुरुआत हो गई है। 14 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान ने जालंधर में योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि जिस दिन से स्कीम लागू मानी जाएगी, उसी दिन से महिलाओं को सम्मान राशि का लाभ मिलेगा। पहले चरण में 9 विधानसभा हलकों आदमपुर, मलोट, श्री आनंदपुर साहिब, दिड़बा, सुनाम, मोगा, कोटकपूरा, बटाला और पटियाला देहाती में पायलट प्रोजेक्ट शुरू होगा। 15 मई से राज्य के बाकी 108 हलकों में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सीएम भगवंत मान ने कहा कि रजिस्ट्रेशन में देरी या दस्तावेजों की कमी से महिलाओं को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं के आधार से फिंगरप्रिंट मैच नहीं हो रहे, उनके खाते फोटो के आधार पर खोले जाएंगे।
उन्होंने महिलाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी की अपील की। मान ने कहा कि अगर आपके बिना घर नहीं चल सकता, तो देश भी नहीं चल सकता। कार्यक्रम में मनीष सिसोदिया भी माैजूद थे। उन्होंने इसे महिलाओं की आर्थिक आजादी की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना बाबा साहिब के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सरकार का दावा है कि योजना से लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा और उनके आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी।





