मसालेदार लाल कद्दू

सामग्री :
आधा किलो कद्दू, 8 कलियां लहसुन,100 ग्राम गाजर, स्वादानुसार नमक, 2 टेबल स्पून रिफाइंड तेल, 1/2 टी स्पून गरम मसाला पाउडर, 1 इंच टुकड़ा अदरक कटा हुआ, 2 प्याज लंबे कटे हुए, 2 टेबल स्पून कटी हुई हरी धनिया, 1 टी स्पून जीरा, 1 नीबू का रस, सजाने के लिए 2 टेबल स्पून ताजा क्रीम

विधि :
कद्दू को छीलकर 1 इंच टुकड़ों मे काटें। गाजर छीलकर डेढ़ इंच लंबे टुकड़े में काटें। प्रेशर कुकर में डेढ़ कप पानी और नमक डालें। फिर इसमें कटी हुई गाजर और कद्दू डालकर आंच पर चढ़ाएं। एक सीटी आने पर आंच से उतार लें। इस बीच हरी धनिया और लहसुन को बारीक पीस लें।
एक कड़ाही में तेल डालकर गरम करें। जीरा डालकर चटकाएं। प्याज डालकर गुलाबी होने तक भूनें। पिसा हुआ धनिया व लहसुन डालकर 2-4 मिनट तक भूनें। अब उबली हुई गाजर, कद्दू, गरम मसाला और कटा हुआ अदरक मिलाएं। धीमी आंच पर ढंक कर कुछ देर पकाएं। आंच से उतार कर नीबू का रस डालें। सर्विग बोल में पलटकर ऊपर से ताजा क्रीम से सजाकर गरमागरम सर्व करें।





