कनाडा: भारतीय युवक की घर के बाहर लटकी मिली लाश

कनाडा में एक भारतीय युवकी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है. उसकी लाश घर के बाहर एक पेड़ से लटकी हुई मिली. उसके परिवार वाले इसे घटना को हत्या करार दे रहे हैं. वहां की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

मृतक युवक की पहचान 21 वर्षीय विशाल शर्मा के रूप में हुई है. वह पंजाब के नाभा का रहने वाला था. कनाडा में विशाल होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा था. टोरंटो पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी.

ख़बर के मुताबिक मृतक विशाल के पिता नरेश शर्मा को टोरंटो के पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है. जिसमें तीन चार दिन लग सकते हैं. तभी वे इस मामले में कुछ कह पाएंगे. दरअसल, वहां की पुलिस हत्या और आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है.

जानकारी के अनुसार विशाल शर्मा टोरंटो में ही एक अन्य युवक के साथ अपार्टमेंट में रहता था. वह युवक भी नाभा का रहने वाला था. विशाल के घरवालों ने बताया कि उसे कोई परेशानी नहीं थी, न ही उसने कभी इस बारे में कुछ बताया. वह बहुत खुश रहा करता था.

बीच में विशाल एक शादी में शामिल होने नाभा भी आया था, इसके बाद वह सितंबर में कनाडा लौट गया था. बीते शनिवार और रविवार को परिजनों ने उससे फोन पर बात की थी. अब उसके परिवार वालों ने भारत सरकार से विशाल का शव जल्द से जल्द भारत मंगवाने की मांग की है.

Back to top button