भारत दो साल के लिए बना सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य

नई दिल्ली 18 जून।भारत को दो साल के लिए संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद का अस्‍थायी सदस्‍य चुना गया है। 193 सदस्‍यों की संयुक्‍त राष्ट्र महासभा में भारत को 184 मत मिले हैं।
भारत के साथ-साथ आयरलैंड, मैक्सिको और नॉर्वे ने भी सुरक्षा परिषद के चुनाव जीते हैं। भारत एशिया-प्रशांत क्षेत्र से 2021-22 के लिए अस्‍थायी सदस्‍यता का एक मात्र उम्‍मीदवार था। संयुक्‍त राष्‍ट्र के इतिहास में भारत आठवीं बार प्रतिष्ठित सुरक्षा परिषद के लिए निर्वाचित हुआ है।
विदेश मंत्रालय ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आज कहा कि भारत का 2021-22 के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य चुना जाना संयुक्त राष्ट्र में देशके सद्भाव को व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय परिषद के कार्यों में योगदान करने की भारत की क्षमता पर कितना भरोसा करता है।

Back to top button