भारत को मिला 316 रन का लक्ष्य, पोलार्ड-पूरन की फिफ्टी

कटक के बाराबती स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है, जिसमें वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के खिलाफ 316 रन का लक्ष्य रखा है। इसके जवाब में भारतीय टीम ने खबप लिखे जाने 2 ओर में बिना किसी नुकसान के 4 रन बना लिए हैं।

भारत को साल 2019 का आखिरी मैच और सीरीज जीतने है तो फिर ये टारगेट हासिल करना होगा।
इस मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ऐसे में वेस्टइंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 315 रन बनाए। मेहमान टीम की ओर से निकोलस पूरन ने 89 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान किरोन पोलार्ड 74 रन बनाकर नाबाद रहे।
यह भी पढ़ें: Ind vs Wi: आज सीरीज जीतने उतरेगी टीम इंडिया, ये है संभावित टीम
वेस्टइंडीज की पारी, पूरन और पोलार्ड का अर्धशतक
भारत द्वारा पहले बल्लेबाजी का न्योता दिए जाने के बाद वेस्टइंडीज टीम के सलामी बल्लेबाज शाई होप और एविन लुइस ने टीम को सधी शुरुआत दी। दोनों ने पहले 14 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 56 रन जोड़े। हालांकि, 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का जड़ने के चक्कर में एविन लुइस कैच आउट हो गए। जडेजा की गेंद पर 21 रन बनाकर नवदीप सैनी के हाथों कैच आउट हुए।
मोहम्मद शमी ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। शमी ने बड़ी मछली को अपने जाल में फंसाया, जो वेस्टइंडीज टीम के सलामी बल्लेबाज शाई होप थे। शाई होप को चौथी बार उन्होंने आउट किया। शमी ने 42 रन के निजी स्कोर पर होप को क्लीन बोल्ड कर दिया। हेटमायर को नवदीप सैनी ने अपने वनडे करियर का पहला शिकार बनाया और 37 रन पर कैच आउट किया। हेटमायर का कैच कुलदीप यादव ने लपका।
वेस्टइंडीज टीम को चौथा झटका रोस्टन चेज के रूप में लगा जो 48 गेंदों में 38 रन बनाकर नवदीप सैनी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। उधर, विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन ने 43 गेंदों में अपने वनडे करियर का पांचवां अर्धशतक जड़ा। निकोलस पूरन के रूप में वेस्टइंडीज टीम को पांचवां झटका लगा। पूरन 89 रन बनाकर शार्दुल ठाकुर की गेंद जडेजा के हाथों कैच आउट हुए।





