भारत और न्यूजीलैंड ICC World Cup का पहला सेमीफाइनल, पावरप्ले में सबसे कम रन का रिकॉर्ड बना

भारत और न्यूजीलैंड मंगलवार को आईसीसी विश्व कप (ICC World Cup) का पहला सेमीफाइनल खेल रहे हैं. न्यूजीलैंड (New Zealand) की टीम टॉस जीतकर पहले बैटिंग कर रही है. भारतीय टीम (Team India) ने टॉस हारने के बावजूद अच्छी शुरुआत की है. उसके गेंदबाजों ने पावरप्ले में विरोधी बल्लेबाजों को एक-एक रन के लिए तरसा दिया. इतना ही नहीं, न्यूजीलैंड ने इस दौरान अपना एक विकेट भी गंवा दिया है.

न्यूजीलैंड की टीम ने भारत के खिलाफ इस अहम मुकाबले में बेहद धीमी शुरुआत की है. उसने शुरुआती 10 ओवर के बाद एक विकेट पर 27 रन बनाए हैं. यह मौजूदा विश्व कप में पहले पावरप्ले (पहले 10 ओवर) में सबसे कम रन का रिकॉर्ड है. न्यूजीलैंड की पारी के शुरुआती 10 ओवर में पांच ओवर भुवनेश्वर (Bhuvaneshwar Kumar) और 4 ओवर जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने किए. एक ओवर हार्दिक पांड्या ने किया. भुवी और बुमराह ने एक-एक ओवर मेडन भी फेंके. बुमराह को एक विकेट भी मिला

इससे पहले पावर प्ले में सबसे कम रन बनाने का रिकॉर्ड भारत के ही नाम था. भारत ने इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ पहले पावरप्ले में एक विकेट पर 28 रन बनाए थे. इंग्लैंड ने उस मैच में पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 337 रन बनाए थे. भारत ने इसके जवाब में केएल राहुल (0) का विकेट तीसरे ही ओवर में गंवा दिया था. इसके बाद ओपनर रोहित शर्मा (102) और कप्तान विराट कोहली (66) ने पारी संभाली थी. हालांकि, यह मैच भारत 31 रन से हार गया था.

अगर हम आईसीसी विश्व कप में अब तक हुए 46 मैचों की बात करें तो यह सिर्फ तीसरा मौका है, जब कोई टीम पावरप्ले में 30 रन भी नहीं बना सकी. भारत और न्यूजीलैंड के अलावा ऐसा करने वाली तीसरी टीम वेस्टइंडीज की रही थी. वेस्टइंडीज की टीम भारत के खिलाफ पहले 10 ओवर में दो विकेट पर 29 रन ही बना सकी थी. भारत ने यह मैच 125 रन से जीता था.

Back to top button