भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा आज बिहार आ रहे मिशन-2020 की तैयारी

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद आज पहली बार जेपी नड्डा बिहार आ रहे हैं। आज सुबह से ही पटना एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं की भीड़ लगी है। सभी अपने कार्यकारी अध्यक्ष का भव्य स्वागत करने का इंतजार कर रहे हैं। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी समेत कई नेता एयरपोर्ट पर मौजूद हैं।

बिहार भाजपा के संस्थापक कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि के बहाने पार्टी मिशन-2020 की तैयारी में जुट गई है। भाजपा में चर्चा है कि मिशन का आगाज मंगलवार को पटना में पार्टी केराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। पार्टी ने बाबू सभागार में कार्यक्रम की भव्य तैयारी की है। भाजपा ने नड्डा की आगवानी में राजधानी को भगवा झंडा, होर्डिंग, पोस्टर और बैनर से पाट दिया है।

दरअसल, बिहार में विधानसभा चुनाव भले ही 2020 के आखिर में होने हैं, लेकिन बिहार भाजपा ने इसकी तैयारी वर्ष भर पहले ही शुरू कर दी है। मौका भले ही पुण्यतिथि समारोह का होगा, लेकिन भाजपा का मकसद कार्यक्रम के जरिए अपने संगठन को चुनाव के लिए सक्रिय करना है।

पार्टी ने इसी उद्देश्य से मंडल स्तर तक पार्टी पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को पटना बुलाया है। अहम यह है कि केंद्र और राज्य सरकार में शामिल पार्टी के मंत्रियों, सांसद, विधायक से लेकर पूर्व विधायक और विधान पार्षदों को कार्यकर्ताओं को पटना लाने की जिम्मेदारी दी गई है।

Back to top button