10 अगस्त को उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में खुदकुशी करने वाले बक्सर के पूर्व डीएम मुकेश पांडेय भले ही जिंदगी से तंग आ गए हों, लेकिन उन्हें अपनी तीन माह की बेटी से बहुत प्यार था। बेटी को खुश करने के लिए मुकेश काफी देर तक डांस करते रहते थे। घर में उनका अधिकतर समय बेटी के साथ ही गुजरता था। पत्नी प्रेग्नेंट हुई तो मुकेश घर में आने वाले नए मेहमान के लिए उत्साहित थे। मुकेश की मौत के एक सप्ताह बाद गुरुवार को उनके ससुर राकेश कुमार मीडिया के सामने आए और दामाद की मानसिक हालत पर सवाल उठाते हुए उसे पागल बताने की कोशिश की।
मानसिक रोगी कैसे बन गया आईएएस…
– राकेश ने कहा कि देश की सभी बड़ी सेवाओं के लिए उम्मीदवारों का चयन UPSC करता है। लिखित परीक्षा के बाद इंटरव्यू के दौरान मनोरोग विशेषज्ञ भी रहते हैं, जो कैंडिडेट की मानसिक हालत को परखते हैं। ऐसे में मुकेश की मानसिक हालत का ठीक न रहना उनपर भी सवाल खड़ा करता है।
– मैं बेटी की शादी के लिए आईएएस दामाद खोज रहा था। छह फीट दो इंच लंबे और मजबूत कद-काठी वाले मुकेश को देखकर कभी नहीं लगा कि उन्हें कोई मानसिक रोग है और कभी सुसाइड कर सकते हैं।
मेरी बेटी के ससुराल वालों से थे अच्छे संबंध
– मुकेश द्वारा बनाए गए वीडियो में उनकी मां और पत्नी के बीच अच्छे संबंध नहीं होने की बात को गलत बताते हुए राकेश ने कहा कि कुछ महीने पहले मुकेश के माता-पिता गुवाहाटी से पटना आए थे और उनके घर पर ठहरे थे।
– मुकेश ने आयुषी को माता-पिता के साथ गया, राजगीर सहित अन्य पर्यटक स्थलों पर भेजा था।यदि सास और बहू के बीच खराब संबंध होते तो मुकेश ऐसा नहीं करते।
– आयुषी हमेशा पति मुकेश के साथ रही। गर्भावस्था में मुकेश के कहने पर ही वह मायके में रही और बेटी को जन्म दिया। 8 अगस्त को मुकेश ससुराल आए थे। तीन महीने की बेटी के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए बच्चों की तरह नाच रहे थे। इसका वीडियो भी बनाया था।
ट्रेन से कटकर दी थी जान
– गौरतलब है कि 10 अगस्त की रात गाजियाबाद स्टेशन से एक किमी. दूर कोटगांव के पास रेलवे ट्रैक पर मुकेश का कटा हुआ शव मिला था। पारिवारिक विवाद के चलते उन्होंने खुदकुशी कर ली थी। उन्होंने एक वीडियो में खुदकुशी की वजह बताई थी।
– उन्होंने बताया था कि मैं अपने जीवन से खुश नहीं हूं। मेरी वाइफ और मेरे माता पिता के बीच बहुत तनातनी है। हमेशा दोनों एक दूसरे से उलझते रहते हैं जिससे कि मेरा जीना दुश्वार हो गया है।
– मेरी एक छोटी बच्ची भी है। मेरे पास अब कोई और ऑप्शन नहीं बचा है और वैसे भी अब मैं जीवन से तंग चुका हूं। मैं सिंपल और पीस लविंग आदमी हूं। जब से मेरी शादी हुई है उसमें बहुत ही उथल पुथल चल रही है। हमेशा हमलोग किसी किसी बात को लेकर झगड़ते रहते हैं। दोनों की पर्सनालिटी बिल्कुल अलग है। वो बहुत ही एग्रेसिव और एक्स्ट्रोवर्ट हैं।