बीमारी के कारण नववर्ष के अवसर पर पहली बार ड्रिप लगाकर सचिवालय पहुंचे मुख्यमंत्री परिकर

बीमारी चल रहे गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर परिकर पिछले चार महीनों में पहली बार मंगलवार को नववर्ष के अवसर पर यहां सचिवालय पहुंचे। 63 वर्षीय पर्रिकर अग्नाशय संबंधी बीमारी के कारण लंबे समय से कार्यालय नहीं आ पा रहे थे। उन्होंने पिछले साल अमेरिका और मुंबई के निजी अस्पतालों में उपचार कराया था। इससे पहले वह उपचार के लिए मुंबई जाने से पूर्व अगस्त 2018 को कार्यालय आए थे।बीमारी के कारण नववर्ष के अवसर पर पहली बार ड्रिप लगाकर सचिवालय पहुंचे मुख्यमंत्री परिकर

सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री चिकित्सकीय उपकरण के साथ सुबह करीब पौने 11 बजे सचिवालय के मुख्य द्वार पर अपनी कार से उतरे और लोगों को देखकर मुस्कुराए। इसके बाद वह भीतर गए। परिसर के बाहर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिकर के आगमन पर उनके स्वागत में नारे लगाए।

विधानसभा अध्यक्ष प्रमोद सावंत, मंत्रियों मौविन गोडिन्हो, मिलिंद नाइक, नीलेश कैबरल और पूर्व विधायक किरण कंडोलकर समेत भाजपा के विधायकों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि परिकर ने मौजूदा रिक्तियों और पदोन्नति एवं स्थानांतरण जैसे अन्य मामलों की समीक्षा के लिए कार्मिक विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। 

उन्होंने बताया कि परिकर ने अपने कार्यालय के कर्मियों से भी मुलाकात की। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से अक्टूबर में लौटने के बाद मुख्यमंत्री पहली बार पिछले महीने सार्वजनिक रूप से नजर आए थे। उन्होंने उस समय पणजी के पास मंडोवी और जुआरी नदियों पर नए पुल संबंधी कार्य का निरीक्षण किया था।

Back to top button