बेगूसराय में NH-31, NH-28, NH-55 जाम
बेगूसराय में भी CAA और एनआरसी को लेकर RJD के बंद का असर सुबह से ही देखने को मिला रहा है. RJD कार्यकर्ताओं ने सुबह ही नेशनल हाईवे पर उतर गए और शहर के बस स्टैंड के निकट NH 31 को जाम कर दिया, इसके अलावा बलिया के निकट एनएच 31 पर कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इसके साथ ही एन एच 28 और एस एच 55 को भी लोगों ने जाम कर दिया है. बंद के कारण एनएच पर जहां वाहनों की लंबी कतार लग गई है वहीं बस स्टैंड से कोई भी गाड़ी नहीं चल पा रही है जिससे यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
मोहिनिया में रोकी गई ट्रेन
कैमूर जिले के मोहनिया में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने रेल ट्रैक को जाम कर दिया. इस वजह से आसनसोल वाराणसी पैसेंजर खड़ी रह गई. महागठबंधन कार्यकर्ता मोहनिया चांदनी चौक से दर्जनों की संख्या में बैनर पोस्टर और हाथों में झंडा लेकर नारेबाजी करते हुए पूरा शहर घूमते हुए रेलवे ट्रैक पर कूद पड़े. आरजेडी कार्यकर्ता सरकार और नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे. रेलवे स्टेशन पहुंचते ही प्रदर्शनकारियों ने जीआरपी और आरपीएफ ने काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने. आसनसोल वाराणसी पैसेंजर आते देखकर प्रदर्शनकारी दौड़ने लगे और ट्रेन के इंजन पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. जिससे रेलवे ट्रैक पूरी तरह बाधित हो गया. काफी मशक्कत के बाद रेलवे पुलिस ने उन्हें आधे घंटे बाद रेलवे ट्रैक से हटाया.
भैंसे के साथ NH पर प्रदर्शन
बिहार के हाजीपुर में आरजेडी कार्यकर्ता CAA के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. बंद समर्थकों ने हाजीपुर मुज्जफ्फरपुर NH-22 को भगवानपुर में बंद करा दिया है. RJD कार्यकर्ता भैंसो के साथ नेशनल हाईवे पर आ गए हैं. प्रदर्शनकारियों ने भैंसों के ऊपर पोस्टर टांग रखी है, जिस पर लिखा है ‘काला कानून नहीं चलेगा. मैं भारतीय हूं.’ नेशनल हाई वे पर कई जगहों पर टायर जला दिया गया है.
कपड़े उतारकर RJD कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
दरभंगा में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने कपड़े उतारकर प्रदर्शन किया. कार्यकर्ता अपने हाथों में तख्ती और बैनर लिए हुए थे.